कबीरधाम में 24 अप्रैल को 471 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, आत्मनिर्भर गांव और सरकारी योजनाओं पर होगा मंथन
कवर्धा (कबीरधाम) जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी। इसमें ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर 24 अप्रैल को व्यापक स्तर पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों और उनके आश्रित गांवों में आयोजित होने वाली इन सभाओं में ग्रामीण विकास, आजीविका और शासन की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
इस विशेष आयोजन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा वर्चुअल या अन्य माध्यम से ग्रामीणों को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर केंद्रित रहेगा।
ग्राम सभाओं में कई महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। इनमें “नवा तरिया आय के जरिया” पहल के तहत जल संरक्षण और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही “मोर गांव मोर पानी महा अभियान” के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन पर चर्चा होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता और कृषि को मजबूती मिल सके।
इसके अलावा, संपदा एप के माध्यम से ग्राम पंचायतों की परिसंपत्तियों को डिजिटली अपलोड करने की प्रक्रिया को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इससे पंचायतों की संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
जनगणना को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। ग्राम सभा में स्वयं गणना पत्रक भरने की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग सही जानकारी प्रदान कर सकें।
कलेक्टर गोपाल वर्मा द्वारा जिले की सभी ग्राम पंचायतों को पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि ग्राम सभा का आयोजन प्रभावी तरीके से किया जाए। निर्देशों में यह भी कहा गया है कि गांव के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत “लखपति दीदी” योजना से जुड़ी महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों से इन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे।
इसके अलावा स्वच्छता, रोजगार, जल संरक्षण और अन्य सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा की जाएगी, जिससे गांवों के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
उल्लेखनीय है कि 73वां संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ था। इसी के उपलक्ष्य में हर वर्ष 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाता है।
जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ग्राम सभा में शामिल हों और अपने गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। यह आयोजन न केवल योजनाओं की जानकारी का माध्यम है, बल्कि ग्रामीणों को निर्णय प्रक्रिया में शामिल करने का एक सशक्त मंच भी है।