जशपुर: तलवार दिखाकर गिरदावरी कर रहे युवक से मांगे पैसे, मोटरसाइकिल लूटने के आरोप में 3 गिरफ्तार, 4 नाबालिग अभिरक्षा में
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के महादेवडांड़ में गिरदावरी का काम कर रहे युवक से तलवार दिखाकर रुपए मांगने और पैसे नहीं देने पर मोटरसाइकिल लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम महादेवडांड़ में गिरदावरी का कार्य कर रहे युवक को तलवार दिखाकर डराने-धमकाने, रुपए मांगने और पैसे नहीं देने पर उसकी मोटरसाइकिल लूटने का मामला सामने आया है। जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संतोष कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी पकरीकछार, थाना बगीचा, पिछले दो वर्षों से बासेन और महादेवडांड़ क्षेत्र में खेत-जमीन की गिरदावरी का काम कर रहा है। 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह ग्राम महादेवडांड़ के कुरोंग पंचायत अंतर्गत किसानपारा स्थित सीसी रोड के पास खेत में गिरदावरी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया वहां पहुंचे। आरोप है कि डोन तिर्की के हाथ में तलवार थी। दोनों ने युवक से उसके गांव में आने का कारण पूछते हुए गाली-गलौज की और उसे डराने-धमकाने लगे।
इसके बाद आरोपियों ने तलवार दिखाकर युवक से रुपए-पैसों की मांग की। युवक ने पैसे नहीं होने की बात कही, तो उनके पांच अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर उससे पैसे मांगे और इनकार करने पर उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 E 2606 लूट ली। आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। तलवार लेकर हमला करने के लिए दौड़ाए जाने पर युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।
घटना के बाद संतोष कुमार ने 16 अक्टूबर 2026 को थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया से मिली जानकारी के आधार पर आयुष कुजूर तथा चार विधि से संघर्षरत बालकों की कथित संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने पहचान की प्रक्रिया कराई, जिसमें प्रार्थी ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल जब्त की।
पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर डोन तिर्की, अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया और आयुष कुजूर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, चार विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में पीएसआई संतोष वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे और नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक अशोक मिंज, महिला आरक्षक पूना मणि तथा नगर सैनिक बलि राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना जारी रखी है।