जीएसटी सुधार युवाओं के लिए रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर पैदा करेंगे : किरणसिंह देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने कहा कि 22 सितंबर से लागू जीएसटी सुधार युवाओं के लिए रोजगार व व्यवसाय के नए अवसर खोलेंगे और आम आदमी की बचत बढ़ाएंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने शारदीय नवरात्र से लागू हुए जीएसटी सुधारों (GST Reforms) पर प्रसन्नता जताते हुए कहा है कि यह कदम आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक क्रांतिकारी परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से युवाओं के लिए रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर उत्पन्न होंगे तथा एमएसएमई और स्टार्टअप सेक्टर में उनकी भागीदारी और अधिक बढ़ेगी।
श्री देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस ऐतिहासिक सुधार के लिए बधाई देते हुए कहा कि 22 सितंबर से लागू हुए अब तक के सबसे बड़े कर-सुधारों में से एक जीएसटी 2.0 आम आदमी के जीवन में महत्वपूर्ण और सकारात्मक बदलाव लाएगा।
उन्होंने कहा –
“केन्द्र सरकार के इस निर्णय से आम आदमी की बचत में वृद्धि होगी, करीब 6 लाख करोड़ रुपए की खपत बढ़ेगी और देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। यह ‘शुभ जीएसटी’ है जो जन-जन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब पार्टी की यह महती जिम्मेदारी है कि हम सब मिलकर सुनिश्चित करें कि जीएसटी सुधारों का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुँचे। उन्होंने बताया कि भाजपा के विधायक, सांसद और कार्यकर्ता जन-जन तक कर-सुधारों की जानकारी पहुंचा रहे हैं ताकि टैक्स कटौती का फायदा सीधे आम जनता को मिल सके।
श्री देव ने आगे कहा कि केन्द्र सरकार व्यापार सुगमता और विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने खुशी जताई कि ऑटोमोबाइल सेक्टर सहित कई उद्योगों ने पहले ही टैक्स कटौती का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाना शुरू कर दिया है।
-
जीएसटी 28% से घटाकर 18% किए जाने से उद्योग और उपभोक्ता दोनों को राहत।
-
स्टार्टअप और एमएसएमई सेक्टर में युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।
-
6 लाख करोड़ रुपये तक की खपत बढ़ने से अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
-
भाजपा कार्यकर्ता सुधारों का लाभ हर नागरिक तक पहुँचाने में जुटे।