जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से की मुलाकात, जिले की प्रमुख समस्याओं पर हुई चर्चा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने नव पदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. से शिष्टाचार भेंट कर जिले की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। बैठक में भू-माफिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, सड़क सुरक्षा और मरवाही क्षेत्र के विकास सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने समस्याओं के निराकरण और जिले के विकास के लिए सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।

Jul 18, 2026 - 11:50
 0  14
जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से की मुलाकात, जिले की प्रमुख समस्याओं पर हुई चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. गौरेला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नव पदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. से कलेक्टर कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों ने जिले की वर्तमान स्थिति और विभिन्न जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया तथा विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि नवगठित जिले की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पूर्व में कार्य करने का अनुभव उन्हें रहा है और उसी अनुभव के आधार पर मीडिया के सहयोग एवं सुझावों के साथ जिले के समग्र विकास की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के लिए मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि कई ऐसे मुद्दे मीडिया के माध्यम से सामने आते हैं जिनकी जानकारी प्रशासन तक नहीं पहुंच पाती। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक सहयोग और सुझावों की अपेक्षा भी व्यक्त की।

जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष सिद्दीकी ने बैठक में क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं द्वारा कथित रूप से फर्जी नक्शों के आधार पर सरकारी जमीनों की खरीद-फरोख्त का मामला उठाया। इसके साथ ही जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की ओर भी कलेक्टर का ध्यान आकर्षित किया।

प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष सत्यनारायण पांडे ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए बाईपास निर्माण के लिए उच्च स्तर पर पहल करने की मांग रखी। वहीं सचिव योगेंद्र सिंह नहरेल ने आदिवासी बाहुल्य मरवाही विकासखंड में शासकीय योजनाओं के अपेक्षित क्रियान्वयन नहीं होने और प्रशासनिक उपेक्षा के कारण विकास कार्य प्रभावित होने का मुद्दा उठाया।

प्रेस क्लब के सदस्य अमित तिवारी ने सुझाव दिया कि प्रशासन की साप्ताहिक टीएल बैठक का आयोजन समय-समय पर मरवाही में भी किया जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। संयुक्त सचिव अजीत गहलोत और पत्रकार राजेंद्र सोनी ने भी जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी और जनहित से जुड़े मामलों का प्रभावी समाधान किया जा सकेगा।

बैठक में प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद शर्मा, उमेश अग्रवाल, संतोष नामदेव, संजय अग्रवाल, राकेश राजपूत, सुहैल आलम, सूरज यादव, प्रयास कैवर्त, वीरेंद्र पांडे, चंद्रसेन पातस्कर, राजेंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जिले के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन एवं मीडिया के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।