तंबाखू नहीं देने पर दोस्त की हत्या, जशपुर में दर्दनाक वारदात — आरोपी गिरफ्तार
जशपुर जिले के कोनकेल गांव में तंबाखू नहीं देने की बात पर दो दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी संदीप एक्का ने अशोक राम की मारपीट कर दी। घायल अशोक को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर | जिले के ग्राम कोनकेल, चराईखारा थाना नारायणपुर क्षेत्र में तंबाखू मांगने को लेकर दो दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद एक दर्दनाक हत्या में बदल गया। मृतक अशोक राम (35 वर्ष) निवासी ग्राम कोनकेल और आरोपी संदीप एक्का (35 वर्ष) भी उसी गांव का रहने वाला है।
घटना 18 नवंबर 2025 की शाम करीब 6 बजे की है, जब दोनों एक ग्रामीण के घर के आंगन में आग सेक रहे थे। इसी दौरान आरोपी संदीप एक्का ने अशोक राम से तंबाखू मांग ली, जिस पर अशोक ने साफ कहा कि वह रोज-रोज तंबाखू नहीं दे सकता। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। अशोक राम वहां से अपने घर की ओर जाने लगा, लेकिन आरोपी भी उसके पीछे पहुंच गया और घर पहुंचते ही उसने अशोक पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया तथा उसके सीने में जोरदार लात मारी, जिससे अशोक वहीं जमीन पर गिर पड़ा।
ग्रामवासियों ने इसकी सूचना सरपंच को दी। सरपंच जब मौके पर पहुंचे तो अशोक दर्द से कराहते हुए जमीन पर पड़ा था। पूछताछ में अशोक ने बताया कि संदीप ने उसके सीने पर लात मारी है। उसने सुबह अस्पताल जाने की बात कही।
अगले दिन 19 नवंबर 2025 को जब परिजन अशोक को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
चाचा विद्याधर राम (57 वर्ष) ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 332(A) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाया। डॉक्टर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि मौत शरीर में लगी चोटों के कारण हुई है, जो हत्यात्मक है।
आरोपी संदीप एक्का (36 वर्ष) को पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहाँ उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि तंबाखू मांगने को लेकर हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
बाइट: एसपी शशि मोहन सिंह, जशपुर