दुर्ग में महाअष्टमी पर दुर्गा पंडालों में पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, हवन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

दुर्ग में शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और हवन-पूजन में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना करते हुए दुर्गा नवमी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही दुर्गा उत्सव समितियों से निर्धारित समय में प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की।

Oct 18, 2026 - 18:58
 0  3
दुर्ग में महाअष्टमी पर दुर्गा पंडालों में पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, हवन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l शारदीय नवरात्रि के महाअष्टमी पर्व पर दुर्ग शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर दुर्ग शहर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा, ग्रामोद्योग तथा विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और हवन-पूजन में शामिल होकर आहुति अर्पित की। उन्होंने माता रानी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने दुर्गा नवमी की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने नवरात्रि के अवसर पर गंजपारा, पद्मनाभपुर कालीबाड़ी, सत्तीचौरा, गांधी चौक, ढीमरपारा, ग्रीन चौक, संगम चौक उरला, वृंदानगर, विराट नगर बोरसी, स्टेशन रोड, पोटियाकला, डिपरापारा, सिकोला बस्ती और जवाहरनगर सहित दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन किए। इन क्षेत्रों में सजे आकर्षक पंडालों और धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली। माता के दर्शन के लिए निकले नागरिकों से मुलाकात कर उन्होंने सभी को शक्ति और भक्ति के महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि सभी देवियों में शक्ति का स्वरूप विद्यमान है और नवरात्रि का पर्व हमें भक्ति, आस्था तथा सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। नौ दिनों तक श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ माता की आराधना करते हैं और उनके आशीर्वाद की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा से समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।

दुर्ग शहर में नवरात्रि के दौरान विभिन्न स्थानों पर भव्य पंडालों के साथ सेवा गीत, जस झांकी, जगराता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। मंत्री गजेन्द्र यादव नवरात्रि की विभिन्न संध्याओं में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए और माता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि सजे हुए पंडाल, भक्तिमय वातावरण और पारंपरिक सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा और समृद्ध लोकसंस्कृति के प्रतीक हैं। दुर्गवासियों की मां जगदम्बे के प्रति अटूट आस्था, आपसी एकता और सांस्कृतिक विरासत ही हमर दुर्ग की असली पहचान है।

महाअष्टमी के अवसर पर आयोजित भोग एवं भंडारा कार्यक्रमों में भी सेवा भावना देखने को मिली। खीर, पूड़ी और खिचड़ी के भोग वितरण में मंत्री ने सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। नवरात्रि का पर्व लोगों को एकजुट होकर उत्सव मनाने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करता है।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग शहर की सभी दुर्गा उत्सव समितियों से अपील की कि वे स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित समय-सीमा के भीतर करें, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा नगर निगम प्रशासन को पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समितियों और प्रशासन के समन्वय से विसर्जन कार्यक्रम सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जाना चाहिए।