अमृत सरोवर में ग्रामीणों ने मनाया संविधान दिवस, सामाजिक समरसता का बना केंद्र
कबीरधाम जिले की ग्राम पंचायतों में मनरेगा से निर्मित अमृत सरोवरों के पास संविधान दिवस मनाया गया। ग्रामीणों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया, जल संरक्षण गतिविधियों में भाग लिया, साफ–सफाई और वृक्षारोपण किया तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए।
UNITED NEWS OF ASIA.कबीरधाम | जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा से निर्मित अमृत सरोवर सामाजिक समरसता का केंद्र बनते हुए दिखाई दिए, जहाँ संविधान दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। ग्रामीणों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक रूप से वाचन किया और मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के अंतर्गत अमृत सरोवर के आसपास साफ–सफाई, जल संरक्षण हेतु गाद निकासी, वृक्षारोपण और युवाओं की भागीदारी वाले सांस्कृतिक आयोजनों का भी संचालन किया गया। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके संविधान निर्माण में विशिष्ट योगदान को याद किया गया।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अवसरों पर अमृत सरोवर के समीप सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन से सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। स्कूली बच्चों द्वारा रैली निकालकर प्रस्तावना की शपथ ली गई तथा जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिले में तीन चरणों में अब तक 112 अमृत सरोवरों का निर्माण हो चुका है, और सभी स्थलों पर संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। “एक प्रण जल संरक्षण” की थीम पर जनभागीदारी से व्यापक सफाई और जागरूकता गतिविधियाँ संपन्न हुईं।