नकटी मामले पर कांग्रेस का पलटवार, केदार कश्यप से माफी और मकान दोबारा बनाने की मांग

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नकटी गांव में हुई कार्रवाई को लेकर मंत्री केदार कश्यप पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीबों के मकान तोड़कर अन्याय किया है और मांग की है कि प्रभावित परिवारों से माफी मांगते हुए उनके मकान उसी स्थान पर दोबारा बनाए जाएं।

Jul 7, 2026 - 13:58
 0  5
नकटी मामले पर कांग्रेस का पलटवार, केदार कश्यप से माफी और मकान दोबारा बनाने की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और वन मंत्री केदार कश्यप पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि नकटी गांव के ग्रामीणों के मकान तोड़ने के समर्थन में मंत्री द्वारा की गई पत्रकार वार्ता सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाती है। उन्होंने मांग की कि केदार कश्यप प्रभावित ग्रामीणों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और सरकार उनके मकानों का निर्माण उसी स्थान पर कराए।

सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बरसात के मौसम में गरीब परिवारों के मकान तोड़कर अन्याय किया है। उनका कहना है कि घटना के बाद सरकार अपनी कार्रवाई को सही ठहराने के लिए लगातार बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि नया रायपुर क्षेत्र में पर्याप्त भूमि उपलब्ध थी तो नकटी गांव में तोड़फोड़ की आवश्यकता क्यों पड़ी।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ग्रामीणों की आवाज उठाने पर विपक्ष पर ही अराजकता फैलाने का आरोप लगा रही है। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि नकटी गांव में कार्रवाई किसके निर्देश पर की गई और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।

प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस ने भाजपा के नेताओं के बयानों में विरोधाभास होने का भी दावा किया। कांग्रेस के अनुसार एक ओर हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि नकटी गांव में विधायक आवास बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है, वहीं दूसरी ओर मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस शासनकाल का हवाला देते हुए अलग दावा किया। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को पहले अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

सुशील आनंद शुक्ला ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के समय यदि कोई प्रस्ताव आया भी था तो उसे स्वीकृति नहीं दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विधायक आवास निर्माण को लेकर अलग-अलग बयान देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने दावा किया कि विधानसभा में दिए गए बयानों और विभागीय पत्राचार से सरकार की मंशा स्पष्ट होती है।

कांग्रेस ने मांग की है कि नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय मिले, उनके मकानों का पुनर्निर्माण कराया जाए और पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जाए। पार्टी ने कहा कि गरीब परिवारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस आगे भी आवाज उठाती रहेगी।