कलेक्टर गोपाल वर्मा ने की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा, पीएम आवास व जनमन योजना में तेजी के निर्देश

कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा ने समय-सीमा की बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। पीएम आवास, जनमन योजना, अपार आईडी, जल जीवन मिशन और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। 26 जनवरी को वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक गायन होगा।

Jan 21, 2026 - 14:36
 0  15
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा, पीएम आवास व जनमन योजना में तेजी के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कलेक्टर  गोपाल वर्मा ने आज समय-सीमा की बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य, अपार आईडी निर्माण, जल जीवन मिशन सहित जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, आपसी समन्वय से कार्य करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर  वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष आयोजन

कलेक्टर ने बताया कि वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिले में चार चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका दूसरा चरण 19 जनवरी से प्रारंभ हो चुका है, जो 26 जनवरी तक चलेगा।
26 जनवरी को जिला मुख्यालय, सभी ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों और स्कूल-कॉलेजों में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया जाएगा। स्कूलों में बैंड के माध्यम से संगीतमय कार्यक्रम होंगे, जिनमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। कलेक्टर ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

पीएम आवास और जनमन योजना की समीक्षा

कलेक्टर ने ब्लॉकवार पीएम आवास निर्माण की समीक्षा करते हुए जनपद सीईओ को मॉनिटरिंग शेड्यूल बनाकर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जनमन योजना के अंतर्गत आवास निर्माण और आंगनबाड़ी भवनों की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने सभी कार्य इस वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने के निर्देश दिए। आवास मित्रों के कार्य की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।

अपार आईडी व धान खरीदी पर निर्देश

अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शिक्षा, राजस्व और पंचायत विभाग को समन्वय से लंबित आईडी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
धान खरीदी की समीक्षा में कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों से नियमित धान उठाव पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिदिन जारी डीओ के विरुद्ध उठाव की रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। नोडल अधिकारियों को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एडीएम विनय पोयाम,नरेन्द्र पैकरा, डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन, विभिन्न एसडीएम एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।