प्रशिक्षित स्वच्छता निरीक्षक संघ ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात, रिक्त पदों पर भर्ती की मांग
छत्तीसगढ़ स्वच्छता निरीक्षक संघ के पदाधिकारियों और प्रशिक्षित डिप्लोमाधारी अभ्यर्थियों ने रायपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर नगर निगमों और नगर पालिकाओं में रिक्त स्वच्छता निरीक्षक पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग की। संघ ने बताया कि वर्ष 2018 में 54 पदों पर भर्ती के बाद से कई पद रिक्त हैं। उपमुख्यमंत्री ने मामले में प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ स्वच्छता निरीक्षक संघ, मुख्यालय रायपुर के पदाधिकारियों और प्रशिक्षित डिप्लोमाधारी स्वच्छता निरीक्षक अभ्यर्थियों ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। संघ ने नगर निगमों और नगर पालिकाओं में लंबे समय से रिक्त स्वच्छता निरीक्षक पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संघ के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2018 में 54 स्वच्छता निरीक्षक पदों पर भर्ती हुई थी। इसके बाद पिछले 6 से 7 वर्षों के दौरान विभाग में कई पद रिक्त हैं। रिक्त पदों के कारण स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी और मैदानी स्तर पर निरीक्षण से जुड़े कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने कहा कि वर्तमान समय में नगर निगमों और नगर पालिकाओं में बड़ी संख्या में सफाई कार्य एजेंसियों और ठेकेदारों के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग, निरीक्षण और पर्यवेक्षण के लिए प्रशिक्षित स्वच्छता निरीक्षकों की आवश्यकता है। ऐसे में रिक्त पदों पर भर्ती होने से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संघ की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को मामले में आवश्यक और उचित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
उपमुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से रिक्त स्वच्छता निरीक्षक पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। संघ ने सरकार की पहल का स्वागत करते हुए प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग दोहराई।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष सुखीराम पटेल, उपाध्यक्ष नेमचंद बंजारे, सचिव बिशेसर जोगी, सहसचिव सुमीत तंबोली, दुर्ग संभाग अध्यक्ष संदीप कुरें, रायपुर संभाग अध्यक्ष ईश्वरी महोबिया, बिलासपुर संभाग अध्यक्ष मनीष पटेल, सरगुजा संभाग अध्यक्ष मनोज सिदार, बस्तर संभाग अध्यक्ष दीया देवनाथ, मीडिया प्रभारी हेमंत दास मानिकपुरी और सलाहकार देवनारायण जायसवाल सहित संघ के अन्य प्रशिक्षित डिप्लोमाधारी सदस्य मौजूद रहे।
संघ ने कहा कि रिक्त पदों पर भर्ती से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद है।