NMDC में रिटायर्ड कर्मचारियों की अस्थाई भर्ती पर रोक की मांग, भाजपा ने सौंपा ज्ञापन

दंतेवाड़ा जिले के बचेली में भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने NMDC प्रबंधन से मुलाकात कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अस्थाई भर्ती पर रोक लगाने और स्थानीय युवाओं के लिए L1-L2 स्तर की लंबित भर्तियां जल्द पूरी करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल, आकाश नगर शिफ्टिंग, CSR और निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल सहित क्षेत्रीय मुद्दे भी उठाए। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

Aug 31, 2026 - 20:17
 0  51
NMDC में रिटायर्ड कर्मचारियों की अस्थाई भर्ती पर रोक की मांग, भाजपा ने सौंपा ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA.  नवीन चौधरी , दंतेवाड़ा l बचेली में NMDC में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अस्थाई भर्ती को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा दंतेवाड़ा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजम के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने NMDC बचेली प्रबंधन से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने L10 स्तर के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की Temporary Base अथवा Contract आधार पर की जा रही भर्ती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी, विधायक प्रतिनिधि नीलेश पटले सहित भाजपा पार्षद मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने NMDC के कार्यकारी निदेशक बी. श्रीधर कोडाली और महाप्रबंधक कार्मिक महेश नायर के समक्ष स्थानीय युवाओं से जुड़े रोजगार के मुद्दे प्रमुखता से रखे। संतोष गुप्ता ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा अस्थाई तौर पर नियुक्त किए जाने से क्षेत्र के योग्य और शिक्षित युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने मांग की कि रिटायर्ड कर्मचारियों के री-अपॉइंटमेंट को निरस्त किया जाए और L1 तथा L2 स्तर की लंबित भर्तियों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि दंतेवाड़ा जिले के स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

बैठक के दौरान NMDC के उत्पादन से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने प्रबंधन के समक्ष सुझाव रखते हुए कहा कि शिफ्ट बदलने के दौरान प्रतिदिन दो से तीन घंटे तक होने वाले समय के नुकसान का बेहतर नियोजन किया जाए। उनके अनुसार यदि इस समय का प्रभावी उपयोग किया जाए तो बिना सेवानिवृत्त कर्मचारियों की नियुक्ति किए उत्पादन क्षमता में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि बेहतर शिफ्ट प्रबंधन से प्रतिदिन करीब 5 हजार टन अतिरिक्त लौह अयस्क उत्पादन संभव हो सकता है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बचेली और आसपास के क्षेत्र से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी NMDC प्रबंधन के समक्ष रखे। इनमें आकाश नगर के निवासियों और आवश्यक सुविधाओं के स्थानांतरण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा बचेली शहर में शुद्ध और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने तथा NMDC के CSR फंड में बचेली नगर को प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई।

क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा से जुड़े विषय को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल की व्यवस्था की मांग रखी। भाजपा नेताओं का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर शिक्षा और रोजगार से जुड़े अवसरों को मजबूत किया जाना आवश्यक है।

संतोष गुप्ता ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए और NMDC प्रबंधन को क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता के साथ देखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि L10 स्तर के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अस्थाई नियुक्तियां रद्द नहीं की गईं और L1-L2 स्तर की नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो भाजपा स्थानीय नागरिकों और युवाओं के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।

ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब स्थानीय स्तर पर NMDC प्रबंधन की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय रोजगार, पेयजल, शिक्षा और नगर विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर वह आगे भी आवाज उठाती रहेगी।