भूपेश सरकार में महिलाओं का आत्मसम्मान कुचला गया, कांग्रेस को पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए – डॉ. किरण बघेल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में महिलाओं का आत्मसम्मान बार-बार रौंदा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में अपराधियों को संरक्षण मिला, कानून-व्यवस्था चरमरा गई और महिला अपराधों में भयावह बढ़ोतरी हुई। डॉ. बघेल ने कहा कि आज भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण एफआईआर दर्ज हो रही हैं और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भूपेश बघेल सरकार के शासनकाल में महिलाओं का आत्मसम्मान कदम-कदम पर रौंदा गया। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह द्वारा प्रदेश में अपराधों को लेकर आयोजित पत्र-वार्ता पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधों को लेकर सियासी पाखंड करने से पहले कांग्रेस को अपने कार्यकाल की भयावह सच्चाइयों का सामना करना चाहिए।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी और छत्तीसगढ़ जंगलराज का गवाह बना। अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिला, जिसके कारण पुलिस प्रशासन भी स्वतंत्र रूप से कार्रवाई नहीं कर पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार का पूरा ध्यान वसूली और भ्रष्टाचार पर केंद्रित था, जिसके चलते पुलिस तंत्र को भी उसी दिशा में झोंक दिया गया। आज कई आईपीएस अधिकारी और पुलिसकर्मी उस दौर की करतूतों के कारण कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों और युवाओं की आत्महत्याओं के मामले बढ़े, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में चिंताजनक वृद्धि हुई और आदिवासी बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामलों में प्रदेश देश में शीर्ष पर पहुंच गया था। एफआईआर दर्ज कराना भी पीड़ितों के लिए कठिन था। कांकेर में एक आदिवासी बच्ची के पिता द्वारा एफआईआर दर्ज न होने पर आत्महत्या का प्रयास करना उस दौर की संवेदनहीनता को उजागर करता है।
डॉ. बघेल ने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। आज जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, वह इसलिए हैं क्योंकि अब एफआईआर दर्ज हो रही हैं और अपराधियों पर बिना भेदभाव कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जांजगीर जिले के पेण्ड्री डकैती मामले में विधायक के घर से हथियार बरामद होना, बलौदाबाजार हिंसा, अवैध रेत खनन और किसानों के पैसे के गबन जैसे मामलों ने कांग्रेस के असली चरित्र को उजागर कर दिया है। डॉ. किरण बघेल ने कहा कि महिलाओं के सम्मान पर घड़ियाली आंसू बहाने से पहले कांग्रेस को यह याद करना चाहिए कि उनके शासनकाल में किस तरह महिलाओं का अपमान और उत्पीड़न होता रहा। कांग्रेस का यही दोहरा चरित्र प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक ताने-बाने के लिए सबसे बड़ा खतरा है।