बेमेतरा जिला अस्पताल में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रचार रथ रवाना

बेमेतरा जिला चिकित्सालय में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएमएचओ डॉ. शरद कोहाड़े और सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंचीय नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य, भावनाओं को समझने और तनाव से निपटने का संदेश दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी भी दी गई।

Oct 11, 2026 - 12:43
 0  2
बेमेतरा जिला अस्पताल में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रचार रथ रवाना

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बेमेतरा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के दिशानिर्देश पर सीएमएचओ डॉ. शरद कोहाड़े और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में रायपुर की मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सुचिता गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय “मानसिक स्वास्थ्य—सुनें, समझें, स्वीकार करें एवं साथ चलें” रखा गया। इसके माध्यम से लोगों को दूसरों की भावनाओं को समझने, उनकी परेशानियों को ध्यानपूर्वक सुनने और उनकी मानसिक स्थिति को स्वीकार करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को सहयोग देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंचीय नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया। गोपिका जायसवाल, प्रीति जंघेल, भारती घृतलहरे तथा जिला अस्पताल में पदस्थ मितानिन जानकी साहू और रेखा पांडे ने नाटक के जरिए बताया कि किसी व्यक्ति की भावनाओं को कैसे समझा जाए और उसकी मनःस्थिति को जानने का प्रयास किस प्रकार किया जा सकता है। इस प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को मानसिक परेशानियों से जूझ रहे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की सीख दी गई।

सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू ने लोगों से अपील की कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या होने पर समय रहते अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने समय पर परामर्श लेने के महत्व पर जोर दिया। वहीं, अस्पताल सलाहकार डॉ. स्वाति यदु ने मानसिक तनाव से संबंधित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोग इस नंबर पर अपनी निजी परेशानियां साझा कर सहायता प्राप्त करने की दिशा में पहल कर सकते हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत सीएमएचओ डॉ. शरद कोहाड़े और सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रचार-प्रसार सामग्री से युक्त प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ बेमेतरा जिले के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों और मानसिक रोगों की पहचान से संबंधित जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा। इसका उद्देश्य आम नागरिकों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देना है।

इस अवसर पर सीएमएचओ कार्यालय से डीएचओ डॉ. बी.एल. राज, जिला अकाउंट मैनेजर ओ.पी. कश्यप, आरएमएनसीएचए राहुल राय और एमसीएच मेट्रॉन आरती दत्ता सहित अन्य अधिकारियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक परेशानी महसूस होने पर समय पर सहायता लेना, दूसरों की बात सुनना और जरूरत के समय सहयोग देना स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।