ब्रेन इंफेक्शन से जूझ रही 2 वर्षीय संपूर्णा, इलाज के लिए 30 लाख की जरूरत, डोनेशन ड्राइव से मांगा जनसहयोग

बेमेतरा में गांधी जयंती के अवसर पर साइबर जागरूकता, सड़क सुरक्षा और डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस दौरान 2 वर्षीय संपूर्णा दिवान के इलाज के लिए जनसहयोग की अपील की गई। संपूर्णा मस्तिष्क की गंभीर बीमारी से जूझ रही है और उसके इलाज में करीब 30 लाख रुपये खर्च होने की बात बताई गई है। मेडिकल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद अभियान शुरू किया गया।

Oct 3, 2026 - 07:40
Oct 3, 2026 - 09:22
 0  86
ब्रेन इंफेक्शन से जूझ रही 2 वर्षीय संपूर्णा, इलाज के लिए 30 लाख की जरूरत, डोनेशन ड्राइव से मांगा जनसहयोग

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l गांधी जयंती के अवसर पर बेमेतरा में साइबर जागरूकता, सड़क सुरक्षा और डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। जिला पुलिस के विशेष सहयोग से श्री अरिहंत टीवीएस एवं आंचल मीडिया नेक्सस बेमेतरा द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ गंभीर बीमारी से जूझ रही 2 वर्षीय बच्ची संपूर्णा दिवान के इलाज के लिए जनसहयोग जुटाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर भी आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। लोगों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने और सड़क पर निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

इसी अभियान के दौरान डोनेशन ड्राइव भी आयोजित की गई। यह डोनेशन ड्राइव बेमेतरा एग्रिकल्चर कॉलेज में सहायक प्राध्यापक प्रीति पैंकरा की 2 वर्षीय पुत्री संपूर्णा दिवान के इलाज के लिए आयोजित की गई। दी गई जानकारी के अनुसार संपूर्णा मस्तिष्क की गंभीर बीमारी से जूझ रही है। बीमारी के चलते उसके मस्तिष्क पर अत्यधिक दबाव बताया गया है। इसके साथ ही बैक्टीरियल और फंगल इंफेक्शन बढ़ने की जानकारी भी दी गई है।

परिवार के सामने बच्ची के इलाज का खर्च बड़ी चुनौती बना हुआ है। अभियान के आयोजकों के अनुसार संपूर्णा के इलाज के लिए करीब 30 लाख रुपये की आवश्यकता बताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए डोनेशन ड्राइव के जरिए आम लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की गई।

आयोजकों ने बताया कि डोनेशन अभियान शुरू करने से पहले बच्ची से संबंधित मेडिकल दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इसके बाद ही जनसहयोग जुटाने के लिए अभियान की शुरुआत की गई। जागरूकता रैली के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपनी क्षमता के अनुसार संपूर्णा के इलाज में सहयोग करें, ताकि बच्ची को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयास से गंभीर संकट से जूझ रहे परिवार को मदद पहुंचाई जा सकती है। आयोजकों ने अपील करते हुए कहा कि आइए मिलकर मासूम बच्ची की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दें।

संपूर्णा दिवान के इलाज और डोनेशन अभियान से संबंधित अधिक जानकारी ImpactGuru के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक सहयोगकर्ता ImpactGuru.com/sampurnadiwan पर जाकर अभियान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपनी इच्छा के अनुसार सहयोग कर सकते हैं।