बस्तर में नक्सली हिंसा की बड़ी वारदात, खूंखार हिडमा के गांव के पास सड़क निर्माण ठेकेदार की हत्या

बस्तर संभाग में नक्सलियों ने एक बार फिर खूनी वारदात को अंजाम दिया है। सुकमा–बीजापुर जिले की सीमा पर सड़क निर्माण कार्य में लगे उत्तरप्रदेश के ठेकेदार इम्तियाज़ अली की नक्सलियों ने बंधक बनाकर हत्या कर दी।

Dec 8, 2025 - 11:32
 0  75
बस्तर में नक्सली हिंसा की बड़ी वारदात, खूंखार हिडमा के गांव के पास सड़क निर्माण ठेकेदार की हत्या

 UNITED NEWS OF ASIA. महेश राव, जगदलपुर  | बस्तर संभाग से नक्सल हिंसा की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां खूंखार नक्सली कमांडर हिडमा के गांव के समीप नक्सलियों ने एक उत्तरप्रदेश के ठेकेदार की निर्मम हत्या कर दी है। यह वारदात सुकमा जिला और बीजापुर जिला की सरहद क्षेत्र में हुई है, जहां सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार इम्तियाज़ अली को पहले बंधक बनाया और फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद नक्सलियों ने ठेकेदार की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है |

कि घटना के समय ठेकेदार अपने सहयोगियों के साथ कार्य स्थल पर मौजूद था। ठेकेदार के साथ मौजूद उसका एक सहयोगी किसी तरह नक्सलियों के चंगुल से बच निकलने में सफल रहा और जान बचाकर इरापल्ली के मेटागुड़म सुरक्षा कैंप पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी सुरक्षा बलों को दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। नक्सलियों द्वारा ठेकेदार को बंधक बनाकर ले जाने और फिर उसकी हत्या किए जाने की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नक्सली लंबे समय से इस इलाके में सड़क और विकास कार्यों का विरोध कर रहे थे |

और इससे पहले भी कई बार ठेकेदारों व मजदूरों को धमकियां दी जा चुकी हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम अलर्ट मोड पर आ गई है और मौके के लिए रवाना की गई है। सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि एक ठेकेदार की नक्सलियों द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिली है |

 और पूरे मामले की तस्दीक की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह वारदात एक बार फिर यह दर्शाती है कि नक्सली अब भी बस्तर अंचल में विकास कार्यों को निशाना बना रहे हैं। हालांकि लगातार चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियानों के बावजूद इस तरह की घटनाएं सुरक्षा चुनौतियों को उजागर कर रही हैं। फिलहाल सुरक्षा बल इलाके में मोर्चा संभाले हुए हैं और आधिकारिक विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।