बसना में शहीद स्मारक का लोकार्पण, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले- वीरों का बलिदान राष्ट्र की सबसे बड़ी प्रेरणा

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बसना के दशहरा मैदान में नव-निर्मित शहीद स्मारक का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, त्याग और वीरता की प्रेरणा देता रहेगा।

Jul 26, 2026 - 18:36
 0  2
बसना में शहीद स्मारक का लोकार्पण, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले- वीरों का बलिदान राष्ट्र की सबसे बड़ी प्रेरणा

UNITED NEWS OF ASIA. 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बसना के दशहरा मैदान में नव-निर्मित शहीद स्मारक के अनावरण एवं लोकार्पण का भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, अमर शहीद योगेश्वर दास और डॉ. मेजर गगनदीप सिंह भाटिया के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और वीर सैनिकों के बलिदान को स्मरण किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक सैन्य जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का स्मरण कराने वाला पावन दिवस है। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक का निर्माण उन अमर वीरों के प्रति समाज की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि आज हम स्वतंत्र और सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं तो उसके पीछे देश के सैनिकों का त्याग और समर्पण है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि माने।

डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि बसना में स्थापित यह शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति देशभक्ति, सेवा और राष्ट्र समर्पण की भावना लेकर लौटेगा। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने पूर्व सैनिक संघ फुलझर अंचल, शहीद स्मारक निर्माण समिति, दानदाताओं, श्रमदान करने वाले नागरिकों तथा क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से बसना को यह प्रेरणादायी स्मारक प्राप्त हुआ है। यह समाज की एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का उत्कृष्ट उदाहरण है।

समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों तथा वीर शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों ने उनके त्याग, धैर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए कहा कि देश हमेशा उनके योगदान का ऋणी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने, शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर भारतीय नौसेना एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, राज्य सैनिक बोर्ड छत्तीसगढ़ के ऑफसेटिंग डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र कुमार देवांगन, डॉ. महेंद्र कौर, खुशबू अग्रवाल, महेंद्र नाथ कैवर्त, नरेंद्र सिंह, पुनीत भगत, नगेंद्र सिंह, ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, हरदीप सिंह, वेणुधर साहू, वेदप्रकाश साहू, राजकुमार, नासीर अली, हरदेव पाल, रविंदर सिंह, लेफ्टिनेंट एस.के. शुक्ला सहित पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।