बांसपानी में सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम, कुपोषण से बचाव का दिया संदेश
नगरी के बांसपानी आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और ग्रामीणों को बच्चों में कुपोषण कम करने, पौष्टिक आहार, स्वच्छता और जलजनित बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l बांसपानी आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच दुर्गा कोड़ोपी की अध्यक्षता में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और ग्रामीणों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं कमला वट्टी, पांचों वट्टी, गीता मरकाम, सुमित्रा मरकाम और प्रमिला मरकाम ने सहयोग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुपरवाइजर नर्मदा सोम ने महिलाओं को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक और स्वच्छ भोजन देना जरूरी है। घर में साफ-सफाई रखने के साथ बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने जलजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए सुरक्षित और स्वच्छ भोजन एवं पानी के उपयोग पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बच्चों को भोजन में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक आहार शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा के पोषण संबंधी महत्व और उपयोग की जानकारी दी गई। महिलाओं को बच्चों में कुपोषण की स्थिति कम करने के उपायों के बारे में भी बताया गया।
इस दौरान ईसीसी गतिविधियों, एनआरसी, न्योता भोज, खिलौना गतिविधि और विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ तथा घड़ा फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सरपंच दुर्गा कोड़ोपी द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम में रामकुंवर मरकाम, सोनबती नेताम, लाला बाई नेताम, प्रेमबती मरकाम, संजू मरकाम, सविता यादव और भावसिंग कावड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है, ताकि कुपोषण की समस्या को कम करने के साथ बच्चों के स्वस्थ विकास को बढ़ावा दिया जा सके।