बालोद में हेलमेट संकल्प अभियान तेज, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती

बालोद में यातायात पुलिस द्वारा ‘‘हेलमेट संकल्प अभियान’’ को तेज़ी से चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना है। साथ ही नो-पार्किंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Apr 10, 2026 - 13:21
 0  5
बालोद में हेलमेट संकल्प अभियान तेज, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील कुमार साहू, बालोद।  बालोद जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस द्वारा ‘‘हेलमेट संकल्प अभियान’’ प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से चल रहे इस अभियान के तहत नागरिकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मृत्यु दर को कम किया जा सके।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में जिलेभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार लोगों को समझाइश दी जा रही है कि हेलमेट पहनना केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

यातायात पुलिस के अनुसार, अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों को सिर में गंभीर चोट लगती है, जो कई बार जानलेवा साबित होती है। हेलमेट पहनने से सिर की सुरक्षा होती है, जो शरीर का सबसे संवेदनशील हिस्सा है। इसी कारण इस अभियान के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

शहर के प्रमुख स्थानों जैसे घड़ी चौक, क्लाडियस क्लीनिक के पास, गणेश पाव भाजी के समीप, बुधवारी बाजार, हलधर चौक, मधु चौक और जयस्तंभ चौक में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन क्षेत्रों में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। पिछले एक सप्ताह में 52 वाहनों पर ताला लगाकर कुल 15,600 रुपये का चालान वसूला गया है। साथ ही नागरिकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।

इसके अलावा, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्ती बरत रही है। पिछले तीन महीनों में 187 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां कुल 19,80,500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 266 लोगों पर 1,34,500 रुपये का चालान किया गया है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है। प्रथम अपराध में 10,000 रुपये का जुर्माना और 6 महीने तक का कारावास हो सकता है, जबकि दूसरी बार पकड़े जाने पर 15,000 रुपये का जुर्माना और 2 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। घर से निकलते समय हेलमेट अवश्य पहनें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं और अपने वाहन को केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें। ‘‘हेलमेट संकल्प अभियान’’ में सहभागिता निभाकर सभी नागरिक सुरक्षित जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा सकते हैं।