बालोद में ट्रेन की चपेट में आने से बघमरा निवासी की मौत, पारिवारिक विवाद की आशंका के बीच जांच जारी
बालोद जिले के बघमरा निवासी लीलाधर यादव की बुधवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में घटना को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l जिले के बघमरा गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 45 वर्षीय लीलाधर यादव की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे रेलवे गार्डर के पास होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जानकारी में घटना को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।मिली जानकारी के अनुसार लीलाधर यादव, पिता रामू यादव, बघमरा निवासी थे और रोजाना की तरह बुधवार को भी अपने मवेशियों को चराने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी चर्चा शुरू हो गई। हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसे लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।