अरुणोदय अधिवेशन बना नारी सशक्तिकरण का विराट मंच, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा रहे विशिष्ट अतिथि

राजधानी रायपुर के विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन के अष्टम प्रांतीय अधिवेशन “अरुणोदय” में नारी शक्ति, सामाजिक सेवा और संगठनात्मक एकता का प्रभावशाली संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

Dec 28, 2025 - 15:19
 0  13
अरुणोदय अधिवेशन बना नारी सशक्तिकरण का विराट मंच, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा रहे विशिष्ट अतिथि

  UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित विमतारा ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, छत्तीसगढ़ प्रदेश के अष्टम प्रांतीय अधिवेशन “अरुणोदय” का भव्य, गरिमामयी एवं प्रेरणादायी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह अधिवेशन नारी शक्ति, संगठनात्मक एकता और सामाजिक उत्थान का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।

कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता, सेवा भाव तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाना रहा। 

अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। नारी सशक्तिकरण से केवल एक परिवार या राष्ट्र नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व सशक्त होता है। अधिवेशन में उपस्थित मातृशक्ति की एकजुटता, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना की सराहना की गई।

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे सतत प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई। बताया गया कि 1 अप्रैल 2024 से प्रदेश नेतृत्व का दायित्व राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन, सलाहकार बहनों के सहयोग और प्रदेश की सभी शाखाओं की सक्रिय भागीदारी से सफलतापूर्वक निभाया गया।

राष्ट्रीय स्तर से प्राप्त सेवा कैलेंडर के अनुरूप छत्तीसगढ़ प्रदेश में विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। नई शाखाओं से आह्वान किया गया कि वे नई ऊर्जा, उत्साह और सेवा भाव के साथ समाज हित में कार्य करें तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें। साथ ही आगामी प्रांतीय नेतृत्व को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों, स्नेही स्वजनों एवं मातृशक्ति के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।
“अरुणोदय” अधिवेशन नारी सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती और सामाजिक चेतना की दिशा में एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया।

इस अवसर पर संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष  अंजू सरावगी, प्रदेश अध्यक्ष  अमर बंसल (अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन, छत्तीसगढ़), प्रदेश अध्यक्ष डॉ.  अशोक अग्रवाल (छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन), अध्यक्ष विजय अग्रवाल (अग्रवाल सभा रायपुर),
डॉ.  रत्ना अग्रवाल (एम्ब्रियोलॉजिस्ट एवं डायरेक्टर, अशोका हॉस्पिटल रायपुर), प्रदेश अध्यक्ष डॉ.  ईला गुप्ता (महिला विंग, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एसोसिएशन एंड इंडस्ट्रीज), जिला अध्यक्ष  हरिकेश पालीवाल, राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण प्रमुख  रेखा महमिया, राष्ट्रीय पर्यावरण सह प्रमुख  उषा अग्रवाल, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष  गीता अग्रवाल सहित हजारों की संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।