पर्यावरण रत्न सम्मान-2026 से सम्मानित हुए अमिताभ दुबे, बोले- यह सम्मान ग्रीन आर्मी के हर पर्यावरण सैनिक का

राष्ट्रीय स्तर पर "पर्यावरण रत्न सम्मान-2026" से सम्मानित ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे का रायपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि ग्रीन आर्मी के हजारों स्वयंसेवकों और पर्यावरण सैनिकों के सामूहिक समर्पण का सम्मान है।

Jun 25, 2026 - 13:50
 0  2
पर्यावरण रत्न सम्मान-2026 से सम्मानित हुए अमिताभ दुबे, बोले- यह सम्मान ग्रीन आर्मी के हर पर्यावरण सैनिक का

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर "पर्यावरण रत्न सम्मान-2026" से सम्मानित ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे का रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। देशभर के शीर्ष पांच पर्यावरण योद्धाओं में चयनित होने पर संस्था के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और पर्यावरण प्रेमियों ने उनका अभिनंदन किया।

समारोह के दौरान अमिताभ दुबे ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि ग्रीन आर्मी के प्रत्येक पर्यावरण सैनिक, स्वयंसेवक, प्रशिक्षक, विद्यार्थी, मातृशक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रकृति प्रेमी के सामूहिक समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि वर्षों से हजारों लोगों ने निस्वार्थ भाव से धरती, जल, जंगल और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप यह राष्ट्रीय पहचान मिली है।

संस्था के संरक्षक राजेश अग्रवाल ने ग्रीन आर्मी की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सम्मान हजारों स्वयंसेवकों की मेहनत, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से संस्था की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं तथा भविष्य में और अधिक प्रभावी ढंग से पर्यावरण संरक्षण के कार्य किए जाएंगे।

ग्रीन आर्मी के वरिष्ठ संरक्षक हैप्पी सिब्बल ने पर्यावरण संरक्षण के साथ आधुनिक और टिकाऊ खेती की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और कृषि दोनों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। वहीं जेसीआई की वरिष्ठ सदस्य लीना वाढेर ने कहा कि अमिताभ दुबे ने हमेशा समाजहित और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण की राष्ट्रीय पहचान है।

संस्था के वरिष्ठ सदस्य भारत तिवारी ने कहा कि अमिताभ दुबे ने केवल पौधारोपण अभियान नहीं चलाया, बल्कि हजारों लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर जनआंदोलन का रूप दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष शर्मा ने उनके बचपन से समाज सेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सम्मान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम का स्वागत गुरदीप टुटेजा ने किया, जबकि पंडित विनीत शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धर्म और पर्यावरण के संबंध पर अपने विचार रखे। मंच संचालन मिस्टर टारगेट ने किया। रूपाली दुबे ने कहा कि यह पुरस्कार ग्रीन आर्मी के प्रत्येक सदस्य, स्वयंसेवक और पर्यावरण प्रेमी की सामूहिक उपलब्धि है।

अमिताभ दुबे ने संस्था की मीडिया टीम की भी सराहना करते हुए कहा कि शशिकांत यदु, हेमंत ठाकुर और पी.के. तिवारी ने संस्था के पर्यावरणीय अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रभावी जनजागरूकता के कारण ग्रीन आर्मी के अभियान व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचे हैं।

गौरतलब है कि पर्यावरण रत्न सम्मान-2026 पूरे देश में केवल पांच व्यक्तियों को प्रदान किया गया है। इनमें कोलकाता, मुंबई, भोपाल, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से एक-एक पर्यावरण कार्यकर्ता का चयन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ से अमिताभ दुबे को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को और अधिक गति देने का सामूहिक संकल्प लिया।