छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग
आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सोनम वांगचुक की पुलिस हिरासत और परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए 21 जुलाई को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने की घोषणा की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आम आदमी पार्टी (आप) ने सोनम वांगचुक की पुलिस हिरासत, राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने केंद्र सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर इस्तीफा लेने की मांग उठाई।
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए गए। रायपुर के अंबेडकर चौक पर युवाओं द्वारा किए गए प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी भाग लेकर समर्थन दिया। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन देश के छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों के मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि इन मामलों की जवाबदेही तय करते हुए केंद्र सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई और उन्हें पुलिस हिरासत में लेने के मामले पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। पार्टी ने मांग की कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई समाप्त की जाए और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाए।
पार्टी ने घोषणा की कि 21 जुलाई को छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, यह आयोजन प्रदेश और देश में शांति, सद्भाव, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति में आम आदमी पार्टी ने अपनी प्रमुख मांगों में सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई समाप्त करने, परीक्षा संबंधी कथित घोटालों और पेपर लीक मामलों की जवाबदेही तय करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा छात्रों और युवाओं के लिए निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग रखी है। साथ ही बेरोजगारी दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की गई है।
पार्टी ने छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, युवाओं के लिए समान अवसर और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है तथा इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी जनआंदोलन जारी रखेगी।