रायपुर में शौण्डिक समाज की भव्य कांवड़ यात्रा, हटकेश्वरनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक
छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज द्वारा श्रावण मास के अवसर पर टाटीबंध-हीरापुर स्थित छठघाट महादेव मंदिर से महादेवघाट के प्राचीन हटकेश्वरनाथ मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, शिवगणों की वेशभूषा और आकर्षक झांकियों के साथ निकली यात्रा में करीब 500 शिवभक्त शामिल हुए। हटकेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर अन्नदान, भंडारा और प्रसाद वितरण किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l पवित्र श्रावण मास के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज द्वारा टाटीबंध-हीरापुर स्थित छठघाट महादेव मंदिर से महादेवघाट के प्राचीन हटकेश्वरनाथ मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, शिवगणों की विभिन्न वेशभूषा और शिव बारात के रूप में आकर्षक जीवंत झांकियों ने यात्रा को विशेष आकर्षण दिया।
कांवड़ यात्रा हीरापुर-आमानाका के मुख्य मार्ग से होते हुए लाखेनगर और रायपुरा चौक से महादेवघाट की ओर रवाना हुई। बरसते पानी के बीच भी शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। रास्ते में समाज के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। इस दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
यात्रा के महादेवघाट पहुंचने के बाद प्राचीन हटकेश्वरनाथ मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव को जल अर्पित कर जलाभिषेक किया गया। इस अवसर पर सामाजिक एकता और सेवा का संदेश भी दिया गया।
करीब 500 शिवभक्त हुए शामिल
कांवड़ यात्रा में टाटीबंध, हीरापुर, भनपुरी, भांठागांव सहित रायपुर और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से समाज के लोग एवं शिवभक्त शामिल हुए। कार्यक्रम में करीब 500 श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
यात्रा के समापन के अवसर पर शौण्डिक समाज की ओर से अन्नदान, भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
समाज के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
कांवड़ यात्रा में छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता सपरिवार शामिल हुए। प्रमुख संयोजक श्याम किशोर गुप्ता, प्रमुख सलाहकार ओमप्रकाश गुप्ता, संरक्षक सुभाष साहू, संगठन मंत्री चंदन शाह सहित जयराम साव, उमेश साव, धरमवीर मंडल, मृत्युंजय शाह, सुनील साव, सुबोध साव, विकास साव, विजय साव, श्रवण कुमार, मनोज साव, मिन्टू साव और मुकेश सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य यात्रा में शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता ने भगवान हटकेश्वर भोलेनाथ से समाज और कांवड़ यात्रा में शामिल सभी भक्तों पर सदैव कृपा बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज में इसी तरह के धार्मिक, सामाजिक और सेवा भाव से जुड़े आयोजन निरंतर होते रहें। इसके लिए उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।