रायपुर में गौरव पथ 2.0 का भूमिपूजन, सीएसईबी चौक से पचपेड़ी नाका तक ₹11.59 करोड़ से बनेगा स्मार्ट रोड

राजधानी रायपुर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में सीएसईबी चौक से पचपेड़ी नाका तक गौरव पथ 2.0 स्मार्ट रोड का भूमिपूजन किया गया। करीब ₹11.59 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट, सुव्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षित फुटपाथ जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय लोगों के मकान और दुकान टूटने से बचाने के लिए पुराने प्रस्ताव की जगह नया स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। उन्होंने रायपुर को राजधानी के अनुरूप सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाने को प्राथमिकता बताया।

Aug 9, 2026 - 11:57
 0  3
रायपुर में गौरव पथ 2.0 का भूमिपूजन, सीएसईबी चौक से पचपेड़ी नाका तक ₹11.59 करोड़ से बनेगा स्मार्ट रोड

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीएसईबी चौक यानी बिजली ऑफिस चौक से पचपेड़ी नाका तक गौरव पथ 2.0 स्मार्ट रोड के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। करीब ₹11.59 करोड़ की लागत से बनने वाली इस आधुनिक सड़क परियोजना की आधारशिला सिद्धार्थ चौक पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की प्रमुख उपस्थिति में रखी गई।

कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर को राजधानी के अनुरूप सुंदर, विकसित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

सांसद ने बताया कि पूर्व में स्वीकृत पुराने धमतरी रोड प्रोजेक्ट के कारण स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के मकान व दुकान प्रभावित होने की आशंका थी। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता था। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुराने प्रस्ताव को रद्द कर नया और बेहतर स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि गौरव पथ 2.0 सिर्फ एक सड़क नहीं होगी, बल्कि रायपुर के विकास और आधुनिक अधोसंरचना की पहचान बनेगी। सांसद ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह मार्ग शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

स्मार्ट रोड परियोजना के तहत आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। इससे बारिश के दौरान सड़क पर होने वाले जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। सड़क पर बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इसके अलावा सुव्यवस्थित पार्किंग और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर फुटपाथ की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि यह मार्ग बस्तर, धमतरी, देवभोग और विशाखापट्टनम की दिशा से आने वाले प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग है। ऐसे में इस सड़क का आधुनिक स्वरूप राजधानी के यातायात और शहर की छवि के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने शहर की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि रायपुर में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके साथ ही गर्मी के मौसम में टैंकरों पर निर्भरता खत्म कर शहर के हर घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने आम नागरिकों से भी रायपुर की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्तियों को बनाए रखने की अपील की। सांसद ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार या प्रशासन की नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा करने, अवैध कब्जे और तोड़फोड़ से बचने तथा शहर के विकास में सहयोग करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, दीपक जायसवाल, अमर गिदवानी, अंबर अग्रवाल, सचिन मेघानी, मुरली शर्मा, बद्री गुप्ता, रमेश सपहा, अंजली गोलछा, स्वप्निल मिश्रा, रामकृष्णा धीवर, विजय साहू, निहारी साहू, सालिक ठाकुर, आशीष धनगर, प्रमोद साहू, रवि सोनकर, अजय साहू, विजय अग्रवाल, सुभाष तिवारी, अंजुमन ढेबर सहित वार्ड कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।