थाना मेचका परिसर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, वीर शहीद तीरन सिंह मांझी को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

थाना मेचका परिसर में 15 अगस्त के अवसर पर थाना स्टाफ एवं सीआरपीएफ जवानों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा का संकल्प लिया गया। ध्वजारोहण के बाद वीर शहीद तीरन सिंह मांझी के स्मारक एवं प्राथमिक शाला तुमडीबाहर में उनके छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

Aug 15, 2026 - 17:22
 0  17
थाना मेचका परिसर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, वीर शहीद तीरन सिंह मांझी को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l 15 अगस्त के अवसर पर थाना मेचका परिसर में थाना स्टाफ एवं सीआरपीएफ जवानों द्वारा संयुक्त रूप से स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात सशस्त्र बलों के जवानों द्वारा ध्वजारोहण किया गया और परेड के साथ राष्ट्रीय सलामी दी गई। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान जन गण मन का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा।

समारोह के दौरान उपस्थित थाना स्टाफ एवं जवानों को स्वतंत्रता संग्राम के महत्व और देश की आजादी के लिए वीर स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिए गए त्याग एवं बलिदान के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी स्टाफ एवं जवानों को मिष्ठान का वितरण किया गया।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के उपरांत थाना स्टाफ एवं ग्रामीणों द्वारा वीर शहीद तीरन सिंह मांझी, निवासी अर्जुनी, के स्मारक पर पहुंचकर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। बताया गया कि वीर शहीद तीरन सिंह मांझी ने प्राथमिक शाला तुमडीबाहर में शिक्षा प्राप्त की थी। इसके चलते प्राथमिक शाला तुमडीबाहर में उनके छायाचित्र पर भी पुष्पमाला अर्पित कर उनके योगदान और बलिदान को याद किया गया।

इस अवसर पर ग्राम के प्रमुख गणमान्य नागरिकों के साथ थाना मेचका का स्टाफ भी मौजूद रहा। उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। थाना मेचका परिसर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण, गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।