प्रधान पाठक की कथित लापरवाही से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, पंचायत ने कलेक्टर से की शिकायत

बालोद जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम कुथरेल स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक पर लगातार अनुपस्थित रहने, नशे की हालत में स्कूल आने और बच्चों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। ग्राम पंचायत ने मामले की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में करते हुए प्रधान पाठक को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने और स्कूल में नियमित शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की है।

Aug 24, 2026 - 21:09
 0  3
प्रधान पाठक की कथित लापरवाही से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, पंचायत ने कलेक्टर से की शिकायत

UNITED NEWS OF ASIA. लीलाधर साहू, गुण्डरदेही l बालोद जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम कुथरेल स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। ग्राम पंचायत का आरोप है कि प्रधान पाठक की लगातार अनुपस्थिति और कथित तौर पर नशे की हालत में स्कूल आने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत कुथरेल ने जिला कलेक्टर, बालोद को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम पंचायत के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला कुथरेल में प्रधान पाठक गिरधारी लाल साहू ने सितंबर 2024 में कार्यभार ग्रहण किया था। पंचायत का आरोप है कि कार्यभार संभालने के बाद से ही वे नियमित रूप से स्कूल नहीं आ रहे हैं। कई बार बिना किसी सूचना के लगातार 15-15 दिनों तक अनुपस्थित रहने की शिकायत सामने आई है।

पंचायत पदाधिकारियों का यह भी आरोप है कि जब प्रधान पाठक स्कूल पहुंचते हैं, तो कई मौकों पर कथित तौर पर नशे की हालत में रहते हैं और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। पंचायत का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से स्कूल का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और बच्चों के बीच डर का माहौल बन रहा है।

शिकायत के अनुसार, स्थिति से परेशान कुछ पालक अपने बच्चों को स्कूल भेजने में भी हिचकिचाने लगे हैं। पंचायत का कहना है कि यदि समय रहते मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य पर पड़ सकता है।

ग्राम पंचायत कुथरेल के सरपंच पेमिन दीपक साहू, उपसरपंच नरेन्द्र कुमार साहू और सचिव बसंत कुमार साहू ने बताया कि प्रधान पाठक को कई बार मौखिक रूप से समझाइश दी गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पंचायत ने मामले को जिला प्रशासन के सामने रखने का निर्णय लिया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रधान पाठक गिरधारी लाल साहू को तत्काल कुथरेल से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए और शासकीय प्राथमिक शाला में नियमित शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अब मामले में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की जांच व कार्रवाई का इंतजार है। जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।