फर्जी कंपनी बनाकर 5.51 लाख की ठगी, आरोपी मिर्जापुर से गिरफ्तार

कबीरधाम पुलिस ने फर्जी कंपनी बनाकर 5.51 लाख की ठगी करने वाले आरोपी मनोज श्रीवास्तव को मिर्जापुर से गिरफ्तार किया। आरोपी ने काव्या इंडस्ट्रीज के नाम पर सुपर डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा देकर रकम वसूली थी।

Nov 24, 2025 - 13:58
 0  17
फर्जी कंपनी बनाकर 5.51 लाख की ठगी, आरोपी मिर्जापुर से गिरफ्तार

  UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहाँ आर्थिक अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर लगातार कार्रवाई के तहत फर्जी कंपनी बनाकर ठगी करने वाले आरोपी मनोज श्रीवास्तव को मिर्जापुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल व पंकज पटेल के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली कवर्धा की टीम ने यह कार्रवाई की।

आरोपी मनोज श्रीवास्तव, उम्र 45 वर्ष, निवासी दाऊतपुर गोरखपुर उत्तर प्रदेश तथा वर्तमान में बंसुंधरा, गाजियाबाद में रहने वाला, काव्या इंडस्ट्रीज नाम की फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को सुपर डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा देता था। प्रार्थी नवीन जैन से उसने इसी बहाने 5 लाख 51 हजार रुपये की ठगी की और फर्जी टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल व ई-मेल भेजकर उन्हें भ्रमित किया। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 87/2024 धारा 420 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम बिहार के पूर्वी चंपारण से होकर फिर उत्तर प्रदेश के चुनार, जिला मिर्जापुर पहुंची, जहाँ 21 नवंबर की रात आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूला और बताया कि ठगी की रकम उसने संजीव मिश्रा के साथ खर्च की है, जो अभी फरार है। कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के निवेश या व्यावसायिक प्रस्तावों की सत्यता अवश्य जांचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।