धरसींवा में SIR कार्यशाला: विधायक अनुज शर्मा बोले—पहली बार पुनरीक्षण प्रक्रिया इतनी व्यापक और गंभीरता से लागू
धरसींवा विधानसभा के ग्राम गुमा, बाना, कुम्हारी, धनेली और सिलतरा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यशाला का आयोजन किया गया। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद कई बार पुनरीक्षण हुआ, पर पहली बार इसे इतनी गंभीरता और व्यापकता के साथ लागू किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, धरसींवा | विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर व्यापक कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। ग्राम गुमा, बाना, कुम्हारी, धनेली और सिलतरा में आयोजित इन कार्यशालाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में विशेष रूप से विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे और उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि देश में स्वतंत्रता के बाद कई बार मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया हुई है, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा इस बार लागू की जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया अभूतपूर्व स्तर पर गंभीर, व्यापक और तकनीकी रूप से मजबूत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार एक सही, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य दो प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित है—पहला, मतदाता सूची में किसी भी प्रकार का फर्जी नाम न रहे; दूसरा, कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूटने न पाए। यह कार्य अभियान के प्रति गंभीरता और निष्ठा के साथ ही पूरा किया जा सकता है।
अपने संबोधन में विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची का मिलान करें, लोगों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें और बीएलओ के साथ सतत समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ चुनावी प्रक्रिया नहीं बल्कि राष्ट्र को मजबूत करने का संकल्प है।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में पूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।
आयोजन में भाजपा मण्डल के पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समूचा कार्यक्रम चुनाव आयोग के निर्देशों और संगठन के मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।