बच्चों के बीच सादगी से मना एसडीएम का जन्मदिन, खुद परोसा भोजन और किया पौधरोपण

फरसगांव के बाजारपारा स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ केक काटा, नेवता भोज में भोजन परोसा, पौधरोपण किया और रसोइया दीदियों का सम्मान भी किया।

Jul 2, 2026 - 18:34
 0  32
बच्चों के बीच सादगी से मना एसडीएम का जन्मदिन, खुद परोसा भोजन और किया पौधरोपण

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l प्रशासनिक दायित्वों के साथ सामाजिक संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए फरसगांव के एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम ने अपना जन्मदिन प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बाजारपारा में बच्चों के बीच सादगी और सेवा भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नेवता भोज, पौधरोपण और विद्यार्थियों के साथ संवाद जैसे कई प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम ने छात्र-छात्राओं के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। विद्यालय परिसर में बच्चों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनका स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान आत्मीय और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया।

अपने संबोधन में एसडीएम ने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता और निरंतर परिश्रम का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के तहत "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। एसडीएम ने स्वयं पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल आज की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक है।

नेवता भोज कार्यक्रम इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। एसडीएम ने स्वयं विद्यार्थियों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। इस आत्मीय व्यवहार से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्वादिष्ट भोजन तैयार करने वाली रसोइया दीदियों को भी सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। इस पहल की विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने सराहना की।

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में तहसीलदार जयकुमार नाग, नायब तहसीलदार निधि नेताम, बीईओ श्रीराम तारम, संकुल प्रभारी महावीर जायसवाल, उम्मीद सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि मोहम्मद फिरोज़ मेमन, भरत भारद्वाज, हरीश साहू, धनेन्द्र निषाद सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह आयोजन प्रशासन और समाज के बीच बेहतर संवाद तथा मानवीय संवेदनाओं का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।