धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 180 पौवा अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन, एक मोबाइल सहित लगभग 1.14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

Jun 27, 2026 - 18:26
 0  6
धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 180 पौवा अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन, एक मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित लगभग 1 लाख 14 हजार 420 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने राजीव नगर कांटीपारा अछोटा निवासी विवेक देवांगन को मोटरसाइकिल से अवैध शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब को अछोटा स्थित मंगलानी ढाबा में बिक्री के लिए ले जा रहा था। उसके कब्जे से 49 पौवा देशी प्लेन शराब और एक सीटी-100 मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 28,920 रुपये बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस ने अछोटा निवासी विक्की महार उर्फ विक्की रामटेके को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मामा ढाबा का कर्मचारी है और ढाबे में बिक्री के लिए शराब लेकर जा रहा था। उसके कब्जे से 31 पौवा देशी शराब, एक टीवीएस जूपिटर स्कूटी और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 52,500 रुपये आंका गया है।

तीसरी कार्रवाई थाना अर्जुनी पुलिस ने नगरी रोड पर की। पुलिस ने घेराबंदी कर सतीश मंगलानी उर्फ विक्की मंगलानी को गिरफ्तार किया, जिसे मंगलानी ढाबा का संचालक बताया गया है। उसके कब्जे से 100 पौवा देशी प्लेन शराब तथा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस कार्रवाई में लगभग 33 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त हुई।

तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। कार्रवाई में 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान जारी रहेगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।