चिरमिरी पुलिस का अवैध शराब पर शिकंजा, 10 दिनों में 8 धंधेबाज गिरफ्तार, 32 लीटर महुआ शराब जब्त

एमसीबी जिले के चिरमिरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए पिछले 10 दिनों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 32 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 6,400 रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

Jul 16, 2026 - 12:45
 0  2
चिरमिरी पुलिस का अवैध शराब पर शिकंजा, 10 दिनों में 8 धंधेबाज गिरफ्तार, 32 लीटर महुआ शराब जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. हेमन्त कुमार, एमसीबी l मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज और एमसीबी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिरमिरी थाना पुलिस ने पिछले 10 दिनों में अवैध महुआ शराब के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 32 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 6,400 रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई थाना चिरमिरी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर की गई। अभियान के दौरान चिरमिरी, हल्दीबाड़ी, ईट दफाई, मितावा नगर, कोरिया कॉलरी, डोमनहिल और दलगजन दफाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन की सूचना मिलने पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में गयालाल सतनी के कब्जे से 4 लीटर, विजय कुमार खैरवार से 4.5 लीटर, सीता बखला से 4 लीटर, सुनील से 4 लीटर, सरिता अहिरवार से 4 लीटर, प्रमा बाई से 4 लीटर, हरिश्चंद्र केवट से 3 लीटर तथा एक अन्य आरोपी से 4 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों की लगातार निगरानी की जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में थाना चिरमिरी और चौकी कोरिया के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

चिरमिरी पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब, नशीले पदार्थों या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना है, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से भी सुरक्षित रखना है।