कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण का आठवां दिन, भूपेश बघेल ने दिए संगठन मजबूत करने के मंत्र

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन को मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों पर सक्रियता और सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रभावी संघर्ष को लेकर जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण शिविर का समापन 29 जून को होगा।

Jun 28, 2026 - 12:23
Jun 28, 2026 - 12:27
 0  4
कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण का आठवां दिन, भूपेश बघेल ने दिए संगठन मजबूत करने के मंत्र

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का आठवां दिन संगठनात्मक गतिविधियों और वैचारिक प्रशिक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। प्रशिक्षण शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को संगठन को मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने और जनता के बीच प्रभावी भूमिका निभाने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान भूपेश बघेल ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों से कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने जिला अध्यक्षों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और उन्हें इस जिम्मेदारी का उपयोग जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने में करना चाहिए। उन्होंने जिला अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा आम जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान भूपेश बघेल ने कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की कार्यशैली, पार्टी के इतिहास और देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के दौरान संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया तथा जिला अध्यक्षों से इन विषयों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की बात कही।

शिविर में अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों, जल, जंगल और जमीन के अधिकारों पर अपना व्याख्यान दिया। वहीं अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण और उनसे जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला स्तर के नेतृत्व को विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर अधिक सक्षम बनाना बताया गया।

प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत लगातार सभी सत्रों में भाग ले रहे हैं। दोनों नेता प्रशिक्षण स्थल पर रात्रि विश्राम भी कर रहे हैं और प्रतिभागियों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव की देखरेख में संचालित किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, व्यवस्था समिति के सदस्य और सेवादल के स्वयंसेवक शिविर की व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण के नौवें दिन जिला कांग्रेस अध्यक्ष लखना गांव में श्रमदान करेंगे। इसके माध्यम से सामाजिक सहभागिता और जनसंपर्क का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर का समापन 29 जून को होगा। कांग्रेस का कहना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से जिला स्तर के नेतृत्व को संगठनात्मक रूप से अधिक सशक्त और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है।