विधायक दीपेश साहू के नेतृत्व में बेमेतरा में विशाल तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा पूरा नगर

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक दीपेश साहू के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा बाइक रैली निकाली गई। यात्रा में हजारों भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। जय स्तंभ चौक से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विधायक कार्यालय पहुंची। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।

Aug 14, 2026 - 10:50
 0  9
विधायक दीपेश साहू के नेतृत्व में बेमेतरा में विशाल तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा पूरा नगर

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को विधानसभा स्तरीय विशाल तिरंगा यात्रा बाइक रैली का आयोजन किया गया। विधायक दीपेश साहू के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, युवा, महिलाएं और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा बेमेतरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जय स्तंभ चौक से हुआ। इसके बाद यात्रा गार्डन रोड, बस स्टैंड, भारत माता चौक, मुख्य बाजार, गौरव पथ रोड, सिंघोरी, कर्मा चौक, महेश चौक, सिग्नल चौक, प्रताप चौक, परशुराम चौक और बिजली ऑफिस रोड होते हुए विधायक कार्यालय, बॉयज स्कूल रोड पहुंची। यहां देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति के साथ यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा के मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वाभिमान, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और भारतीयों की साझा पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ नागरिकों के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

दीपेश साहू ने कहा कि देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके संघर्ष और बलिदान को याद रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि तिरंगा भारत के गौरव, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। राष्ट्रध्वज का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और ऐसी तिरंगा यात्राएं समाज में राष्ट्रप्रेम एवं एकजुटता की भावना को मजबूत करती हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि बेमेतरा के नागरिकों ने एकजुट होकर राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संदेश दिया है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की।

यात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री संध्या परगनिया, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।