ग्राम मोहभट्ठा में 64.84 लाख के विकास कार्यों की सौगात, विधायक दीपेश साहू ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन
बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहभट्ठा में 64.84 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। विधायक दीपेश साहू ने ग्रामीणों को सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, आंगनबाड़ी भवन और स्मार्ट बोर्ड सहित कई विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l विधानसभा क्षेत्र बेमेतरा के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहभट्ठा में मंगलवार को 64.84 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की मौजूदगी में विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए खुशी जताई और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद व्यक्त की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष खुशबू गोविंद पटेल, जिला पंचायत सभापति प्रीतम सिंह चंदेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सेवाराम साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष बलराम पटेल, जनपद सदस्य भीषम साहू, जनपद सदस्य नीरज सिंह राजपूत, सरपंच संघ अध्यक्ष रघुवीर पिन्टू सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
ग्राम मोहभट्ठा में मुख्यमंत्री समग्र योजना के तहत गांधी गौठान चौक में 3 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा 4 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन हुआ। इसके तहत शिवकुमार के घर से हरवंश साहू के घर तक सीसी रोड तथा गणेश मानिकपुरी के घर से तोरण साहू के घर तक नाली निर्माण कार्य शामिल है। गांव में विभिन्न स्थानों को जोड़ने वाले सीसी रोड निर्माण के लिए 15.77 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें मुख्य मार्ग से घासीदास मंदिर तक, अवध के कोठार से दर्री तालाब तक और घासीदास मंदिर से संतराम साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण शामिल है।
गांव में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के उद्देश्य से 6 लाख रुपये की लागत से स्थापित स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण किया गया। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 11.69 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए 5 लाख रुपये की लागत से स्मार्ट बोर्ड स्थापना कार्य का लोकार्पण किया गया।
गांव के अन्य हिस्सों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए 19.43 लाख रुपये की लागत से विभिन्न सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें नारद साहू के घर से दानी साहू के घर तक, बिसाहू साहू के कोठार से मोहन साहू के घर तक, संत कुमार पाल के घर से बिसाहू के कोठार तक तथा ईश्वर साहू के घर से हनुमान मंदिर तक सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से गांव में सड़क, प्रकाश, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि गांवों का विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं। मोहभट्ठा में जिन विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है, उनसे ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी और गांव के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना संकल्प है और जनता की मांग तथा आवश्यकता के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और समय सीमा में कार्य पूरा करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में श्री दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी परिवार पटपर द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने भक्ति संगीत और पारंपरिक लोक प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने भक्त माता कर्मा मंदिर और मां शीतला मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर सरपंच केवरा साहू, उपसरपंच सुक्रित मार्कण्डेय, सचिव रतन लाल निषाद, पंचायत प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।