नहीं अधिग्रहित होगी पिरदा गांव की जमीन, विधायक अनुज शर्मा की पहल पर आवास मंत्री ओपी चौधरी का आश्वासन

रायपुर विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी के लिए चिन्हांकित पिरदा गांव की जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। धरसिवां विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आवास मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात की, जहां मंत्री ने ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध आवासीय प्रोजेक्ट नहीं लाने और पिरदा की जमीन आरडीए को नहीं लेने का आश्वासन दिया।

Sep 2, 2026 - 08:08
 0  3
नहीं अधिग्रहित होगी पिरदा गांव की जमीन, विधायक अनुज शर्मा की पहल पर आवास मंत्री ओपी चौधरी का आश्वासन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी के लिए चिन्हांकित पिरदा गांव की जमीन का अधिग्रहण सरकार नहीं करेगी। धरसिवां विधायक अनुज शर्मा की पहल पर पिरदा गांव के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि पिरदा गांव के ग्रामीण अपनी जमीन पर आवासीय प्रोजेक्ट नहीं चाहते हैं तो सरकार की ओर से वहां ऐसा कोई प्रोजेक्ट लाने की मंशा नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध उनकी जमीन पर आवासीय योजना नहीं लाई जाएगी और पिरदा गांव की जमीन आरडीए द्वारा नहीं ली जाएगी।

रायपुर विकास प्राधिकरण ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत पिरदा गांव का चयन कौशल्या विहार कॉलोनी के निर्माण के लिए किया था। इस संबंध में सूचना प्रकाशित होने के बाद गांव के ग्रामीण और किसान अपनी कृषि भूमि के अधिग्रहण को लेकर आशंकित थे। ग्रामीणों ने इस विषय को लेकर ग्राम सभा आयोजित की और अपनी चिंताओं तथा जमीन आरडीए को नहीं देने की इच्छा से विधायक अनुज शर्मा को अवगत कराया।

ग्रामीणों की समस्या सामने आने के बाद विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि पिरदा गांव के ग्रामीण अपनी कृषि भूमि पर खेती कर रहे हैं और गांव के करीब 20 प्रतिशत लोगों के घर भी इसी जमीन पर स्थित हैं। ग्रामीण अपनी जमीन रायपुर विकास प्राधिकरण को देने के लिए तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों की मंशा से मुख्यमंत्री को अवगत कराने के बाद उन्होंने वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी से मोबाइल पर चर्चा की और ग्रामीणों का पक्ष सुनने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में मंगलवार को विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित आवास मंत्री ओपी चौधरी के कार्यालय में मुलाकात की। बैठक में ग्रामीणों ने अपनी जमीन से जुड़ी स्थिति और आवासीय प्रोजेक्ट को लेकर अपनी आपत्ति सामने रखी। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद ओपी चौधरी ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उन्हें पिरदा गांव की वास्तविक स्थिति और ग्रामीणों की भावनाओं के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण अपने गांव में आवासीय प्रोजेक्ट नहीं चाहते हैं तो सरकार उनके साथ खड़ी है।

आवास मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पिरदा गांव की जमीन आरडीए द्वारा नहीं ली जाएगी। उन्होंने इस संबंध में रायपुर विकास प्राधिकरण को निर्देशित किए जाने की बात भी कही। मंत्री के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओपी चौधरी और विधायक अनुज शर्मा के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने इसे किसान हित में लिया गया निर्णय बताया।

मंत्रालय के द्वार क्रमांक 4 पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उनके साथ खड़े रहने और उनकी जमीन से जुड़े मामले में सहयोग करने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों के अनुसार विधायक ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री और आवास मंत्री के समक्ष उनका पक्ष रखा, जिसके बाद पिरदा गांव की जमीन पर आरडीए का प्रस्तावित प्रोजेक्ट नहीं आने का रास्ता साफ हुआ।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित जनपद सदस्य, सरपंच, पंच और प्रभावित किसान उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि जमीन उनके लिए केवल संपत्ति नहीं, बल्कि खेती और आवास से जुड़ा महत्वपूर्ण आधार है। आवास मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत व्यक्त की।