10 दिन से लापता तीन बच्चियां वाराणसी से बरामद, परिजनों की डांट से नाराज़ होकर छोड़ा था घर
डीडीयू नगर, मुगलसराय से 10 दिन पहले लापता हुई तीन सहेलियों को पुलिस ने वाराणसी के नारद घाट से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस जांच में पता चला कि तीनों बच्चियां परिजनों की डांट से नाराज़ होकर घर से निकल गई थीं। सीओ की टीमों ने लगातार तलाश कर परिजनों को राहत दी।
UNITED NEWS OF ASIA. पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) से 17 नवंबर को लापता हुई तीन बच्चियों की तलाश आखिरकार पूरी हो गई है। पुलिस ने दस दिनों की लगातार खोजबीन के बाद तीनों सहेलियों को वाराणसी के नारद घाट से सुरक्षित बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि ये तीनों बच्चियां घर से यह कहकर निकली थीं कि वे स्कूल जा रही हैं, लेकिन परिजनों की डांट से नाराज़ होकर घर छोड़ गई थीं। उनकी अचानक गुमशुदगी से पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी और खोजबीन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
डीडीयू नगर के सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूत्रों और इलाके में लगातार सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद बच्चियों का सुराग वाराणसी में मिला। पुलिस टीम ने तीनों को नारद घाट से सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्चियों के वापस मिलते ही परिवारों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया।