मिनीमाता की 54वीं पुण्यतिथि पर रायपुर में श्रद्धांजलि सभा, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया सादर नमन
मिनीमाता की 54वीं पुण्यतिथि पर न्यू बस स्टैंड पंडरी स्थित प्रतिमा स्थल पर रायपुर नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभापति सूर्यकांत राठौड़, पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य अवतार बागल सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने मिनीमाता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके सामाजिक सुधार, नारी सशक्तिकरण, शिक्षा और मानव कल्याण में योगदान को याद किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मिनीमाता की 54वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी रायपुर के न्यू बस स्टैंड पंडरी स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रायपुर नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में नगर निगम जोन-2 के सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, नवयुवकों एवं आम नागरिकों ने मिनीमाता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, प्रदेश के पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार बागल, पार्षद कृतिका जैन, एल्डरमेन राजू राघवानी, पूर्व पार्षद सुन्दरलाल जोगी, सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र बंजारे, बबलू त्रिवेन्द्र सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिनीमाता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके सामाजिक एवं जनसेवा के योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने मिनीमाता के जीवन और उनके कार्यों को याद करते हुए कहा कि वह वात्सल्यमयी एवं महान समाज सुधारक थीं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर मानव कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। उनके जीवन में सामाजिक भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं था और उन्होंने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वक्ताओं ने कहा कि मिनीमाता ने नारी सशक्तिकरण, नारी शिक्षा तथा समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्व सांसद और समाज सुधारक के रूप में उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने मिनीमाता के आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से उनके सामाजिक सरोकारों और मानव सेवा की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन नगर निगम के पूर्व पार्षद सुन्दरलाल जोगी ने किया। अंत में नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।