कवर्धा जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण प्रारंभ, 4 दिसंबर तक चलेगा घर-घर सर्वे अभियान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कवर्धा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं, जो 4 दिसंबर तक चलेगा। पात्र मतदाताओं को 13 निर्धारित दस्तावेजों में से एक प्रस्तुत करना होगा। अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कवर्धा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) अभियान की शुरुआत 4 नवंबर से कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्य जिले में व्यवस्थित और पारदर्शी रूप से संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। यह प्रक्रिया 4 दिसंबर 2025 तक चलेगी। बीएलओ प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म (Enumeration Form) दो प्रतियों में उपलब्ध करा रहे हैं, जिसमें एक प्रति मतदाता द्वारा भरकर वापस की जाएगी।
गणना फॉर्म में वर्ष 2025 की मतदाता सूची का मिलान वर्ष 2003 की सूची से किया जा रहा है। जिन नागरिकों का नाम पुरानी सूची में नहीं है, उन्हें पात्रता सिद्ध करने के लिए 13 निर्धारित दस्तावेजों में से कोई एक प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इनमें जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, भूमि/मकान आवंटन पत्र, परिवार रजिस्टर, पेंशन आदेश आदि शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने पुनरीक्षण कार्य को 6 चरणों में पूरा करने का निर्देश दिया है।
-
प्रशिक्षण व मुद्रण कार्य: 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक।
-
घर-घर सत्यापन: 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक।
-
प्रारंभिक सूची प्रकाशन: 9 दिसंबर 2025।
-
दावे और आपत्तियाँ: 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक।
-
सुनवाई एवं सत्यापन: 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक।
-
अंतिम सूची प्रकाशन: 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
बीएलओ नए मतदाताओं को शामिल करने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र एकत्र कर रहे हैं, साथ ही आधार लिंकिंग और मृत/स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान का कार्य भी कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बीएलओ को आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले के सभी पात्र नागरिक आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का सही उपयोग कर सकें।