कोरिया पुलिस ने सुलझाया चार महिलाओं की मौत वाला सड़क हादसा, 50 से अधिक CCTV कैमरों की जांच से बोलेरो पिकअप और चालक की पहचान

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में चार महिलाओं की मौत और अन्य महिलाओं के घायल होने के मामले में पटना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और 50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का विश्लेषण कर दुर्घटनाकारित वाहन की पहचान की है। 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम करजी तालाब के पास एक अज्ञात बोलेरो पिकअप ने महिलाओं से भरे ऑटो को टक्कर मार दी थी और चालक फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, वाहन क्रमांक JH 03 AU 6791 और चालक राजू कुमार गुप्ता की पहचान की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Oct 21, 2026 - 08:32
 0  3
कोरिया पुलिस ने सुलझाया चार महिलाओं की मौत वाला सड़क हादसा, 50 से अधिक CCTV कैमरों की जांच से बोलेरो पिकअप और चालक की पहचान

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l जिले के पटना थाना क्षेत्र में चार महिलाओं की मौत का कारण बने सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV कैमरों के गहन विश्लेषण के आधार पर दुर्घटनाकारित वाहन और उसके चालक की पहचान करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस एवं तकनीकी टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम छिंदिया निवासी अमित सिंह अपने ऑटो में ग्राम बिलारो से तीज नहावन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही लगभग 14 से 15 महिलाओं को लेकर गृह ग्राम जा रहे थे। इसी दौरान थाना पटना क्षेत्र के ग्राम करजी तालाब के पास बैकुंठपुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात बोलेरो पिकअप वाहन ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में ऑटो सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया। उपचार के दौरान चंदमती सहित कुल चार महिलाओं की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य महिलाएं घायल हुईं।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन में फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल पर प्रत्यक्ष सुराग नहीं मिलने के कारण पुलिस ने पारंपरिक विवेचना के साथ आधुनिक तकनीक और डिजिटल साक्ष्यों की मदद ली।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल ग्राम करजी तालाब से बैकुंठपुर शहर, प्रमुख मार्गों, तिराहों, टोल नाकों और संभावित निकास रास्तों पर लगे 50 से अधिक सरकारी एवं निजी CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने घटना के समय के अनुसार टाइमलाइन तैयार कर सैकड़ों घंटे की रिकॉर्डिंग का बारीकी से विश्लेषण किया। शुरुआती फुटेज में अंधेरे और वाहन की तेज रफ्तार के कारण नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं दिखाई दे रही थी। इसके बाद साइबर सेल और तकनीकी टीम ने वीडियो एनहांसमेंट टूल्स तथा फ्रेम-दर-फ्रेम विश्लेषण की सहायता से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, वाहन के बॉडी स्ट्रक्चर, विशिष्ट कट-मार्क्स और लाइट पैटर्न का मिलान करने के बाद दुर्घटनाकारित वाहन की पहचान बोलेरो पिकअप क्रमांक JH 03 AU 6791 के रूप में की गई। तकनीकी जानकारी और वाहन के रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद चालक की पहचान राजू कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम एवं थाना रमकंडा, जिला गढ़वा, झारखंड के रूप में की गई।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों आशा सेन और मोहसीन खान सहित पटना थाना एवं तकनीकी टीम के सदस्यों की भूमिका रही। कोरिया पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस जांच में CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही, जिनकी मदद से हादसे के बाद फरार वाहन और चालक तक पहुंचने में सफलता मिली।