आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों और महिलाओं से किया संवाद, पोषण पर दिया जोर
कोंडागांव के स्कूलपारा गोलावंड आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों और महिलाओं से संवाद कर पोषण एवं स्वास्थ्य की जानकारी ली। पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन सहायिका सहित छह महिलाओं को सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l कोंडागांव जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को स्कूलपारा गोलावंड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचकर बच्चों, महिलाओं और गर्भवती माताओं से संवाद किया तथा पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी स्थिति की जानकारी ली। मंत्री ने बच्चों और गर्भवती महिलाओं के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान केदार कश्यप ने आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों से बातचीत कर उनकी व्यावहारिक समझ और सीखने की क्षमता को परखा। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से फल, पशु-पक्षियों और विभिन्न वस्तुओं की पहचान की। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए मंत्री ने उन्हें चॉकलेट और फल भी प्रदान किए। उन्होंने बच्चों से सहज संवाद करते हुए उनकी गतिविधियों को देखा और उनके सीखने के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची महिलाओं से भी बातचीत की और बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि बच्चों को केंद्र तक छोड़ने आने वाले पालकों को भी पोषण आहार और कुपोषण से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए। उनका कहना था कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार के लिए परिवार और समुदाय की जागरूकता भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं के पोषण और बेहतर देखभाल पर भी विशेष चर्चा हुई। इस अवसर पर पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई, जबकि तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा संतुलित पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन सहायिका सहित छह महिलाओं को उनके सेवाभाव और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। केदार कश्यप ने सभी को सम्मान पत्र प्रदान किए और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने में इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का भी अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र को केवल सरकारी भवन के रूप में नहीं, बल्कि अपने घर की तरह समझना चाहिए। सभी के सामूहिक प्रयास से केंद्र को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया, ताकि बच्चों को सीखने और विकास के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बताया कि 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों और शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जा रहा है और आगे भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, कोंडागांव जनपद अध्यक्ष अनिता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, गोलावंड सरपंच अनिता बघेल, वेदबेड़ा सरपंच पिलई बघेल, रेशमा दीवान, रीता चालकी सहित जनप्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रेणु प्रकाश, जनपद पंचायत सीईओ उत्तम महोबिया, तहसीलदार विजय प्रताप सिंह और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।