विधायक नीलकंठ टेकाम ने अटल बिहान खेल प्रतियोगिता का किया उद्घाटन, 19 पंचायतों की महिलाएं ले रहीं भाग
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने बड़े राजपुर में विधायक ट्रॉफी अटल बिहान खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में 19 ग्राम पंचायतों की महिलाएं खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले रही हैं। विधायक ने क्षेत्र के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कई घोषणाएं कीं।
UNITED NEWS OF ASIA. राज पांडे, केशकाल | विधानसभा क्षेत्र के बड़े राजपुर में विधायक ट्रॉफी अटल बिहानiविहान खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ विधायक नीलकंठ टेकाम द्वारा किया गया। विधायक की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 19 ग्राम पंचायतों की महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस प्रतियोगिता के अंतर्गत महिलाओं के लिए कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, मटका फोड़, मटका दौड़, जलेबी-गुलाब जामुन खेल, 100 मीटर दौड़, रस्सी कूद और सुई-धागा जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सामूहिक नृत्य, एकल नृत्य एवं नाटक प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिससे महिलाओं की खेल प्रतिभा के साथ-साथ सांस्कृतिक कौशल को भी मंच मिल रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजनों की बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष इस प्रतियोगिता को और वृहद रूप में आयोजित किया जाएगा। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बड़े राजपुर क्षेत्र की महिलाएं पूरे कोंडागांव जिले में अपनी अलग पहचान बनाएंगी।
विधायक टेकाम ने अपने संबोधन में क्षेत्रीय विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि जब वे कोंडागांव जिले के कलेक्टर थे, तब उन्होंने बड़े राजपुर में सप्ताह में दो दिन जनपद कार्यालय लगवाने की व्यवस्था की थी। वर्तमान में उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि बड़े राजपुर में महीने में चार बार तहसील और जनपद कार्यालय लगाया जाए। इससे क्षेत्र के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि तहसील और जनपद कार्यालय लगने से लगभग 15 विभागों की सेवाएं सप्ताह में एक बार बड़े राजपुर में उपलब्ध होंगी। साथ ही क्षेत्र में आवागमन सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में बड़े राजपुर से कोंडागांव के लिए दिन में दो बसें संचालित की जा रही हैं और बड़े राजपुर से राजधानी रायपुर तक बस सेवा भी शुरू कर दी गई है। आने वाले समय में परिवहन सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक नीलकंठ टेकाम के साथ ग्राम पंचायत बड़े राजपुर की सरपंच हेमबाई मरकाम, मंडल अध्यक्ष विश्रामपुरी मन्नाराम मरकाम, मंडल अध्यक्ष बड़े राजपुर लालाराम मरकाम, जनपद सदस्य महामंत्री नवदीप सोनी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश सचिव संगीता पोयम, योगेश पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।