01 करोड़ 17 लाख की लागत से बाम्हनटोला व बंदौरा में सड़क निर्माण का भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी सौगात

कबीरधाम जिले के बाम्हनटोला और बंदौरा गांवों में 1.17 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से स्वीकृत इन कार्यों से ग्रामीण आवागमन और आधारभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।

Jan 15, 2026 - 17:55
 0  13
01 करोड़ 17 लाख की लागत से बाम्हनटोला व बंदौरा में सड़क निर्माण का भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी सौगात

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | कबीरधाम जिले में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बाम्हनटोला और ग्राम बंदौरा में कुल 1 करोड़ 17 लाख 12 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इन विकास कार्यों की स्वीकृति उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से मिली है।

ग्राम बाम्हनटोला में 75 लाख 47 हजार रुपये की लागत से लगभग 900 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के बनने से गांव का सीधा जुड़ाव मुख्य मार्ग से होगा, जिससे ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वर्षों से कच्ची सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह सड़क किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।

इसी प्रकार ग्राम बंदौरा में मुख्यमंत्री गौरवपथ योजना के अंतर्गत 41 लाख 65 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस कार्य के पूर्ण होने से गांव में जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और स्वच्छ, मजबूत व टिकाऊ सड़क की सुविधा उपलब्ध होगी।

उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पानी, नाली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शहरी वार्डों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक विकास की रफ्तार तेज हुई है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति  रामकुमार भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत कबीरधाम जिले में कुल 28 सड़कों की स्वीकृति दी गई है, जिनकी कुल लंबाई 55.17 किलोमीटर है। इन पर 3,877.89 लाख रुपये की लागत आएगी। इनमें से एक सड़क का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 27 सड़कों का कार्य प्रगति पर है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  संतोष पटेल ने मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के 763 नागरिकों को अयोध्या दर्शन का लाभ मिला है। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 436 हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराई गई है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  संतोष पटेललालाराम साहू, परदेशी पटेल, बीरसिंह पटेल,  बिहारी धुर्वे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।