कठौतिया–जनकपुर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग, सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को 15 लाख मुआवजा देने की मांग

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में कठौतिया–जनकपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्राम रोजी के पास हुई बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत और 40 से अधिक लोगों के घायल होने के बाद पार्टी ने लगभग 120 किलोमीटर लंबे मार्ग की तत्काल मरम्मत, चौड़ीकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग की। संगठन ने मृतकों के परिजनों को 15 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच और जिले में परिवहन कार्यालय स्थापित करने की मांग की गई।

Oct 24, 2026 - 11:02
 0  15
कठौतिया–जनकपुर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग, सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को 15 लाख मुआवजा देने की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, एमसीबी l छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में कठौतिया–जनकपुर मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क सुरक्षा के मुद्दे को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जिला प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई है। ग्राम रोजी के समीप हुई भीषण बस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत और 40 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना के बाद संगठन ने सड़क की तत्काल मरम्मत, चौड़ीकरण तथा लगभग 120 किलोमीटर लंबे मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग की है।

संगठन के जिला अध्यक्ष केबल सिंह मरकाम और जिला महासचिव शेख इस्माइल के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि कठौतिया–जनकपुर मार्ग क्षेत्र के भरतपुर, कोटाडोल और केल्हारी सहित कई इलाकों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की कम चौड़ाई, किनारों पर गड्ढे और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

शेख इस्माइल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए केवल अस्थायी मरम्मत पर्याप्त नहीं है। सड़क का तकनीकी सर्वेक्षण कराकर चौड़ीकरण, स्थायी मरम्मत और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। संगठन ने मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की भी मांग की है।

एक वर्ष पहले भी उठाई गई थी मांग

शेख इस्माइल के अनुसार, लगभग एक वर्ष पूर्व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम और भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी श्याम सिंह मरकाम ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने और चौड़ीकरण कराने के संबंध में आवेदन दिया था। पार्टी ने पूर्व में दिए गए आवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेकर प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की मांग की है।

मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की मांग

संगठन ने बस दुर्घटना में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 15 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 2 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही दुर्घटनास्थल और अन्य संवेदनशील हिस्सों में चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, सड़क की पट्टियां तथा गति सीमा संबंधी संकेतक लगाने की मांग भी की गई है।

चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। शेख इस्माइल ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है और कुछ हिस्सों में सड़क धंसने, बारिश के बाद गड्ढे बनने तथा धूल उड़ने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

जिले में परिवहन कार्यालय स्थापित करने की मांग

संगठन ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में परिवहन कार्यालय नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। शेख इस्माइल के अनुसार, क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसों और अन्य वाहनों का संचालन होता है। ऐसे में वाहनों के बीमा, फिटनेस, परमिट, लाइसेंस और निर्धारित यात्री क्षमता की नियमित जांच आवश्यक है। संगठन का कहना है कि परिवहन कार्यालय की स्थापना से वाहनों की निगरानी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कार्यकारिणी सदस्य बाबूलाल, नगर महासचिव नंदकुमार आयाम, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जगजीवन सिंह, शहरी प्रभारी सुक्खू राम ध्रुवे, राजेश बंसल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शेख इस्माइल ने कहा कि यह मामला केवल सड़क निर्माण का नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा है। संगठन ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।