कवर्धा शहर में गणेश प्रतिमाओं की झांकियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं। सिग्नल चौक, दर्रीपारा, कर्मा चौक, एकता चौक, बूढ़ा महादेव चौक, नवीन बाजार चौक और करपात्री चौक सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा निर्धारित मार्गों पर दो पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार भ्रमण कर भीड़, यातायात और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखेंगी।
विसर्जन स्थलों पर भी पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। सकरहा घाट, सरोधा डेम और भोजली तालाब में पुलिस बल के साथ नगर सैनिक गोताखोर दल एवं आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रहेंगे। विसर्जन के दौरान महिलाओं और बच्चों को पानी से सुरक्षित दूरी पर रखने तथा तैराकी नहीं जानने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश को देखते हुए नदी, तालाब और बांध जैसे जलस्रोतों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
25 और 26 सितंबर को शहर की विभिन्न गणेश समितियों की विसर्जन झांकियों के साथ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। पुलिस बल झांकियों के शांतिपूर्ण आवागमन, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की निगरानी करेगा। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सिग्नल चौक और राजमहल चौक क्षेत्र में दो क्यूआरटी पार्टियां तैनात रहेंगी। रक्षित केंद्र में गिरफ्तारी पार्टी और रिजर्व बल को भी तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर भेजा जा सके।
विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। आवश्यक स्थानों पर यातायात पुलिस बल तैनात रहेगा और जरूरत के अनुसार मार्गों पर डायवर्सन किया जाएगा। ड्यूटी में तैनात यातायात कर्मियों को वायरलेस सेट, रेनकोट, रिफ्लेक्टर जैकेट, फ्लोरोसेंट रॉड और स्टॉपर जैसे आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
कबीरधाम के बोड़ला, पंडरिया और लोहारा क्षेत्रों में भी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विसर्जन स्थलों पर 4-4 नगर सैनिक गोताखोर दल सहित यातायात बल, क्यूआरटी, पुलिसकर्मी और रिजर्व बल को आवश्यकता के अनुसार त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखा गया है।
पुलिस ने गणेश समितियों से ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों और अनुमति के अनुसार करने की अपील की है। सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर रखने तथा सामान्य तौर पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही समितियों और नागरिकों से निर्धारित विसर्जन मार्ग का पालन करने, जलस्रोतों में सुरक्षा सीमा का उल्लंघन नहीं करने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों में सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक आस्था और उत्सव की गरिमा को बनाए रखते हुए गणेश विसर्जन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।