नौकरी के नाम पर महिला से अश्लील प्रस्ताव रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई

धमतरी पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से अश्लील प्रस्ताव रखने वाले आरोपी राहुल इलमकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वार्ड आया पद के लिए आवेदन करने वाली महिला से रुपये और अनैतिक संबंध की मांग की थी। साक्ष्यों की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

Nov 7, 2025 - 20:22
 0  16
नौकरी के नाम पर महिला से अश्लील प्रस्ताव रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई के तहत धमतरी पुलिस ने एक और बड़ा कदम उठाया है। एसपी धमतरी के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली की टीम ने नौकरी दिलाने के बहाने महिला से अश्लील प्रस्ताव रखने वाले आरोपी राहुल इलमकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 

मामले के अनुसार, पीड़िता ने थाना सिटी कोतवाली में आवेदन देकर बताया कि उसने 11 सितंबर 2025 को जीवन दीप समिति में “वार्ड आया” पद हेतु आवेदन फार्म भरा था। इसके बाद 14 सितंबर को समिति के वार्ड बॉय राहुल इलमकर का फोन आया, जिसमें उसने मिलने के लिए बुलाया। जब पीड़िता अगले दिन कार्यालय पहुंची, तो आरोपी ने नौकरी दिलाने के लिए 30 से 40 हजार रुपये की मांग की और पैसों के बदले अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाला।

पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और 18 सितंबर 2025 को अस्पताल परिसर में भी अश्लील हरकतें कीं।

शिकायत प्राप्त होने के बाद एसपी धमतरी ने थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को मामले की सूक्ष्मता से जांच कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में सभी आरोप सत्य पाए गए, जिसके बाद थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 300/25, धारा 75(1)(ii) और 78 भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के कथन लिए और आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी द्वारा प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी गवाहों की उपस्थिति में जप्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी राहुल इलमकर पिता स्व. चन्द्रशेखर, उम्र 26 वर्ष, निवासी रामपुर वार्ड धमतरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से संबंधित अपराधों पर शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत दें ताकि दोषियों पर शीघ्र और सख्त कार्रवाई की जा सके।