जनता की समस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक दीपेश साहू
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में ग्रामीणों और नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कुर्मी समाज ने एल्डरमैन नियुक्ति पर विधायक का आभार जताया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक दीपेश साहू ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगर से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने स्वच्छ पेयजल, सड़क एवं नाली निर्माण, विद्युत व्यवस्था, सामुदायिक भवन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य स्थानीय विकास कार्यों से जुड़ी मांगें विधायक के समक्ष रखीं।
विधायक दीपेश साहू ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर कभी भी उनसे मिल सकता है और हर उचित मांग पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान कुर्मी समाज के प्रतिनिधियों ने भी विधायक से मुलाकात कर नगर पालिका बेमेतरा में कमलेश वर्मा को एल्डरमैन नियुक्त किए जाने पर आभार व्यक्त किया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस नियुक्ति से समाज को स्थानीय निकाय में प्रतिनिधित्व मिला है, जिससे समाज के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है। उन्होंने विधायक के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास में सहयोग देने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर सिंघरौर कुर्मी समाज के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा, नवनियुक्त एल्डरमैन कमलेश वर्मा, प्रज्वल वर्मा, चम्पेश्वर वर्मा, शेखर वर्मा, लच्छन वर्मा, पोषण वर्मा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के हितों को आगे बढ़ाने के लिए वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक दीपेश साहू ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और वार्ड तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम किया जा रहा है।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास के साथ वे लगातार क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नागरिकों की सभी उचित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी तथा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।