दंतेवाड़ा में राज्योत्सव (रजत महोत्सव)-2025 का भव्य समापन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदर्श विद्यालय और महिला बाल विकास विभाग ने मारी बाजी
दंतेवाड़ा जिले में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित राज्योत्सव (रजत महोत्सव)-2025 का भव्य समापन माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में हुआ। समापन समारोह में विधायक चैतराम अटामी, कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। शासकीय आदर्श विद्यालय ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला बाल विकास विभाग को सर्वश्रेष्ठ स्टाल का सम्मान मिला।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, बचेली/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित राज्योत्सव (रजत महोत्सव)-2025 का आज दंतेवाड़ा जिले के माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण स्थित मेंढ़का डोबरा मैदान में भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय इस राज्योत्सव का आयोजन 2 से 4 नवंबर तक किया गया, जिसमें जिले की सांस्कृतिक विविधता, लोकनृत्य, प्रदर्शनी और विकास कार्यों की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री चैतराम अटामी ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की ऐतिहासिक देन है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद विकास की नई धारा छत्तीसगढ़ के हर कोने तक पहुंची है। दंतेवाड़ा जिले में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने एजुकेशन सिटी जावंगा, ‘लक्ष्य’ और ‘छू लो आसमान’ जैसे संस्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से जिले के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी और उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव हमारे राज्य की गौरवमयी यात्रा का प्रतीक है। बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं और दंतेवाड़ा ने इस सफर में अपनी खास भूमिका निभाई है।
समापन अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी नागरिकों, अतिथियों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान का उत्सव है। इस बार का आयोजन विशेष रूप से ऐतिहासिक रहा क्योंकि यह राज्य गठन की रजत जयंती वर्षगांठ है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया और प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को मंच पर जीवंत किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय आदर्श विद्यालय ने प्रथम, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और कन्या शिक्षा परिसर पातररास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सक्षम विद्यालय जावंगा को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विभागीय स्टालों की श्रेणी में महिला बाल विकास विभाग को प्रथम, आदिवासी विकास विभाग को द्वितीय तथा स्कूल शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान मिला।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य कमला नाग, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक और नागरिक मौजूद रहे।
राज्योत्सव-2025 का यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक विविधता का उत्सव बना, बल्कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और जनभागीदारी का प्रतीक भी सिद्ध हुआ।