बीरगांव सुशासन तिहार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बीरगांव में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जनसमस्याएं सुनीं। अवैध शराब, अतिक्रमण, पेयजल और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में 615 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 130 का मौके पर ही निराकरण किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रगांव नगर पालिका निगम में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के समापन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवंबी प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में कुल 615 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 130 आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निपटारा न किया जाए, बल्कि समस्याओं का वास्तविक और स्थायी समाधान किया जाए
पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में किसी भी वार्ड में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। साथ ही अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस एवं आबकारी विभाग को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर सांसद ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों और कार्यालयों की जमीन पर कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सात दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को लेकर भी उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने वन विभाग और औद्योगिक इकाइयों को आगामी मानसून में कम से कम 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। साथ ही सभी बड़े भवनों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में वाटर हार्वेस्टिंग एवं वाटर रिचार्जिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि देश में सुशासन, विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल जल योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए इन्हें जनहित में ऐतिहासिक बताया।
शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को श्रम कार्ड, मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान, राशन कार्ड, भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आय प्रमाण पत्र तथा टीबी मरीजों को फूड बास्केट किट का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर अंबिका यदु, ओमप्रकाश साहू, मैकमिलन साहू, योगेश साहू, पूनाराम साहू, कृष्णा देवी वर्मा सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सांसद ने अधिकारियों को पुनः सचेत करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की वास्तविक सफलता है।