बेरला में शाला प्रवेश उत्सव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बच्चों का किया स्वागत, 2.60 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा
बेमेतरा जिले के बेरला में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 2.60 करोड़ रुपये की घोषणा की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. बेमेतरा l जिले के बेरला स्थित मंडी प्रांगण में शुक्रवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और उन्हें अध्ययन सामग्री प्रदान कर विद्यालय में प्रवेश कराया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली सहित विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकें, स्टेशनरी और शाला गणवेश वितरित किए। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि वे ही देश का भविष्य हैं और आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। स्कूलों में स्मार्ट क्लास, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों और अन्य सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे शिक्षक ही अच्छे नागरिक तैयार करते हैं। विद्यार्थियों से उन्होंने असफलता से निराश न होने और निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 20 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने से छात्राओं ने खुशी व्यक्त की और कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में उन्हें सुविधा होगी। वहीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा नवोदय विद्यालय में चयनित छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने क्षेत्र के विकास के लिए 2 करोड़ 60 लाख रुपये की घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बेरला में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये, स्टेडियम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और शासकीय कन्या विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
कार्यक्रम को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को ज्ञानवान, ऊर्जावान और संस्कारित नागरिक बनने का संदेश दिया। सांसद विजय बघेल ने शिक्षा को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रहलाद रजक, कल्पना योगेश तिवारी, जितेन्द्र साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।