बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने दंतेवाड़ा में एसडीएम कार्यालय व जिला पंचायत का औचक निरीक्षण किया

दंतेवाड़ा में बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने एसडीएम कार्यालय और जिला पंचायत का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, रिकॉर्ड के अद्यतन और कार्यालय व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही बस्तर ओलंपिक में ग्रामीण खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

Oct 31, 2025 - 11:04
 0  40
बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने दंतेवाड़ा में एसडीएम कार्यालय व जिला पंचायत का औचक निरीक्षण किया

UNITED NEWS OF ASIA. असीम पाल, दंतेवाड़ा। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने गुरुवार को दंतेवाड़ा जिले के एसडीएम कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर सिंह ने सबसे पहले लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली और कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निराकृत प्रकरणों का अद्यतन नियमित रूप से किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्य जैसे नामांतरण, बटांकन, भू-अर्जन, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र के मामलों में तेजी लाई जाए और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

इसके पश्चात कमिश्नर सिंह ने जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने लेखा कक्ष, सभाकक्ष और रिकार्ड रूम का अवलोकन किया। फाइलों और दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी रिकार्ड पारदर्शी ढंग से संधारित किए जाएं।

 

उन्होंने यह भी कहा कि माह में कम से कम दो बार जनपद पंचायतों का निरीक्षण कर मैदानी कर्मचारियों की बैठक ली जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान तुरंत किया जा सके।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उन्होंने घुमंतु पशुओं पर नियंत्रण और कांजी हाउस में उनके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बस्तर ओलंपिक के आयोजन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अंदरूनी ग्रामों के खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिले।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, एसडीएम लोकांश एलमा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कमिश्नर सिंह ने अंत में कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन जनहित की भावना से किया जाना चाहिए, ताकि शासन की योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो सकें।